रीवा:शहर के अंदर जगह-जगह दुकानो में लगी अवैध होर्डिंग और बैनर को हटाने की कार्यवाही नगर निगम ने की और एक दिन में 50 हजार की चालानी कार्यवाही की गई. भगवानदास ज्वेलर्स सहित कई बड़े प्रतिष्ठानो का चालान काटा गया और नियम का उल्लंघन न करने की हिदायत दी गई.शहर में म. प्र. आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 को प्रभावी बनाने हेतु नगर निगम की टीम द्वारा शिल्पी प्लाज़ा बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया.
इस दौरान जगह-जगह दुकानों पर लगे अवैध होर्डिंग और बैनरों को हटाया गया तथा चालानी कार्रवाई की गई. इस दौरान कुल 50,000 की चालानी कार्रवाई की गई. जिन प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई, उनमें प्राची वस्त्रलोक पर राशि 11800, भगवान दास ज्वेलर्स पर राशि 11800 एवं हनुमान ज्वेलर्स पर राशि रुपए 20678 एवं अन्य पलक ऑप्टिकल, शिवाय मोबाइल, गुलाब मेंस वियर, प्रेम कंप्यूटर आदि शामिल हैं.
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त शीतल भलावी के नेतृत्व में अतिक्रमण टीम द्वारा विशेष अभियान चलाकर की गई. निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई दुकानदारों व संस्थानों ने अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अवैध बैनर व होर्डिंग लगाए थे, जिससे न केवल आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही थी, बल्कि शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण भी प्रभावित हो रहा था.
अधिकारियों द्वारा संबंधित प्रतिष्ठानों को समझाइश दी गई है कि भविष्य में यदि अवैध होर्डिंग या बैनर लगाए गए, तो म. प्र. आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 के अंतर्गत प्रतिदिन जुर्माना लगाया जाएगा, साथ ही सख्त रूप से वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी. नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे विज्ञापन हेतु पंजीकरण कराएं और बिना अनुमति किसी भी स्थल पर होर्डिंग या बैनर, पोस्टर न लगाएं और शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सहयोग करें. कार्रवाई के दौरान निगम के अधिकारी कर्मचारी एवं अतिक्रमण दल मौजूद रहा.
