
सतवास। भारतीय किसान यूनियन द्वारा आयोजित तिरंगा ट्रैक्टर रैली से पहले सतवास मंडी प्रांगण में किसानों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों को जातियों में बंटने के बजाय हक की लड़ाई के लिए एकजुट रहना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को लाभ पहुंचा रही है, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य तक नहीं देती। एमएसपी पर कोई ठोस जवाब नहीं मिलता और सरकार हर बार आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश करती है। प्रधानमंत्री को चिट्ठी लिखने के बावजूद कोई परिणाम नहीं निकला।
रैली में हजारों किसान शामिल हुए। टिकैत खुद ट्रैक्टर चलाकर सैकड़ों ट्रैक्टरों के काफिले के साथ सतवास मंडी प्रांगण से निकले। रास्ते में जगह-जगह उनका भव्य स्वागत किया गया। सतवास बस स्टैंड और महाराणा प्रताप चौराहा पर कांग्रेस नेताओं बाबूलाल यादव, वहीद सदर, अजय व्यास, विजय सिंह गौड़ और मनोज राय द्वारा स्वागत मंच लगाया गया, जहां पूर्व विधायक कैलाश कुंडल, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा पटेल मेडिकल पर नर्मदा क्षेत्रीय जाट समाज, शिवाजी चौराहा स्थित साईं नाथ फिलिंग स्टेशन पर राजेन्द्र यादव मित्र मंडल, श्रीनाथ कृषि सेवा केंद्र पर नबा पटेल मित्र मंडल और पुलिस थाना परिसर के सामने राजकुमार गोयल परिवार ने टिकैत का अभिनंदन किया।
तिरंगा ट्रैक्टर रैली नगर के विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः महाराणा प्रताप चौराहा पर पहुंची। इसके बाद किसानों ने तहसीलदार अरविंद दिवाकर को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव, लक्ष्मण पटेल, ओमप्रकाश तिवारी, मुकेश बांगड़दा, मनीष पटेल, सानिया जाट, रामभरोस पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।
