
अनूपपुर। गुरुवार दोपहर कोतमा थाना अंतर्गत गढ़ी तिराहे के पास खनिज से भरे हाईवा वाहन ने एक मैजिक गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय नागरिकों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोतमा में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में चार लोगों को जिला अस्पताल अनूपपुर एवं मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मैजिक वाहन ( एमपी 18 टी 1071) का चालक रवि पंडित (26 वर्ष) गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे कोतमा बाजार से 9–10 सवारियों को लेकर खरुहा व आसपास के गांव लौट रहा था। इस दौरान गढ़ी तिराहे के पास क्रेशर से बजरी लोड कर तेज रफ्तार से आ रहे हाईवा ( यूपी 95 टी 0260) ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से मैजिक वाहन मौके पर ही पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि 30 वर्षीय महिला सरिता का बायां हाथ कटकर अलग हो गया।
ये हुए घायल
हादसे में कुसुम पति समयलाल केवट (60), निवासी खरुहा को सिर में चोट,मायादीन पिता कुना सिंह गोंड़ (60), निवासी मिरकान को कंधे में चोट,आधू (4) पिता मायाराम सिर में चोट,
मायाराम पाव (50), पिता साधुलाल, निवासी कोतमा – चोटिल हुए हैं। जबकि गंभीर रूप से घायल फूल कुवंर (50), निवासी मिरकान के सिर में गंभीर चोट, जिला अस्पताल अनूपपुर रेफर किया गया है।
सरिता पति तुलसी वंशकार (30), निवासी बिलटुकरी और
दादूराम (60), निवासी खरुहा – सिर व कंधे में गंभीर चोट, मेडिकल कॉलेज शहडोल रेफर किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और घटना की जांच शुरू कर दी है।
