
श्योपुर। विजयपुर क्षेत्र का सुप्रसिद्ध धार्मिक आयोजन श्री छिमछिमा हनुमानजी का विशाल मेला आगामी 26 अगस्त को धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमान संभाल ली है और व्यवस्था को पुख्ता बनाने हेतु अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए निर्देश दिए हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेले स्थल पर मेडिकल टीम भी तैनात रहेगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। छिमछिमा हनुमान धाम का यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा है, जिसे भक्ति, श्रद्धा और लोक संस्कृति का अनूठा संगम माना जाता है।
धार्मिक मान्यता है कि छिमछिमा हनुमान जी के दर्शन करने और पूजन-अर्चन से भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। यह मेला न सिर्फ आस्था का प्रतीक है बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सद्भाव का भी द्योतक है। हर वर्ष हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।शोभायात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठान,भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम, ग्रामीण हाट-बाजार और झूले, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था प्रशासन की देखरेख में रहेगी
इस अवसर पर एसडीएम अभिषेक मिश्रा, एसडीओपी राघवेंद्र सिंह तोमर, नायब तहसीलदार दर्शन लाल, थाना प्रभारी राकेश शर्मा, यातायात प्रभारी भागवत प्रसाद पांडे, एसडीओ पीएचई आर.पी. सेंगर, सीडीपीओ सुश्री ज्योति चतुर्वेदी, बीआरसीसी अशोक शर्मा, जनपद पंचायत के अभिनंदन सिंह, राजस्व निरीक्षक संजीव श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
