सौसर। शहर के वार्ड नंबर 6 में रात के समय आग कि एक बड़ी घटना सामने आई है, यहां सुभाष घाटोड के खेत में स्थित मवेशियों के कोठे में भीषण आग लग गई। घटना में करीब 12 मवेशियों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य मवेशी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
आधी रात आग का तांडव
जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि मवेशियों को बचाने का मौका तक नहीं मिला। आग की लपटों ने न केवल मूक जानवरों को अपनी चपेट में लिया, बल्कि कोठे में रखा खेती-किसानी का कीमती सामान और बैलों के लिए संग्रहित किया गया चारा भी जलकर पूरी तरह राख हो गया है।
साजिश की आशंका
पीड़ित किसान सुभाष घाटोड ने इस घटना को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अंदेशा जताया है कि यह प्राकृतिक हादसा नहीं, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति की रंजिश का परिणाम हो सकता है। सुभाष ने पुलिस प्रशासन से इस मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
किसान का लाखों का नुकसान
इस अग्निकांड में किसान को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ है। आजीविका का मुख्य साधन रहे मवेशियों और खेती के उपकरणों के नष्ट हो जाने से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बहरहाल इस मामले में सौसर पुलिस ने पीड़ित किसान सुभाष की रिपोर्ट पर उसके सगे भाई नामदेव को हिरासत में लिया है।
