
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एलएनसीटी ग्रुप के परिसरों में छापेमारी करते हुए करीब साढ़े 7 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है. करीब 4 करोड़ की नकदी के साथ ही साढ़े 3 करोड़ रूपए का सोना भी कार्रवाई के दौरान बरामद हुआ है. मंगलवार को ईड़ी ने कार्रवाई शुरू की थी, जिसकी जांच लगातार जारी है.
ईड़ी की ओर से गुरूवार को मुहैया कराई गई जानकारी में बताया गया है कि श्री आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी से संबंधित मामले में और संबद्ध संस्थाओं से जुड़े 12 परिसरों में बड़ी कार्रवाई की. छापेमारी के दौरान ईड़ी ने 3.45 करोड़ रुपये की कीमत के सोना और लगभग 3.97 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है. ईड़ी ने संस्थान में करीब 7 करोड़ रूपए की संपत्ति को जब्त किया है. सोसायटी में तलाशी की कार्रवाई चौकसे समूह से जुड़े आवासीय परिसरों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, ट्रस्टों तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में की गई. तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज/सामग्री, डिजिटल साक्ष्य, संपत्ति संबंधी दस्तावेज भी जब्त किए गए.
जानकारी के मुताबिक छापेमारी के दौरान नकदी और सोना मिलने के साथ ही मोबाइल फोन, डिजिटल उपकरण, ईआरपी एवं टैली डेटा, वित्तीय अभिलेख, संपत्ति संबंधी दस्तावेज तथा अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी ईडी ने जब्त किए है. मामले में आगे की जांच भी जारी है.
गौरतलब है कि आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्लू) ने कुछ महीने पहले अरबों रुपए की वित्तीय अनियमितताओं के मामले में कार्रवाई की थी. इसके बाद ईड़ी भी सक्रिय हुआ. श्री आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी की निधियों के बड़े पैमाने पर गबन एवं दुरुपयोग से संबंधित वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप सामने आए. संबंधित मामले में जयनारायण चौकसे सहित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज एफआईआर के आधार पर यह जांच शुरू की गई.
ईडी की जांच में यह सामने आया कि श्री आस्था फाउंडेशन फॉर एजुकेशन सोसायटी, जो कई शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सेवा संस्थानों का संचालन करती है. चौकसे परिवार के सदस्यों और उनके सहयोगियों के नियंत्रण में थी. ईड़ी की जांच में पाया गया कि सोसायटी और उसके संस्थानों के नाम पर छात्रों से प्राप्त शुल्क, छात्रवृत्ति अनुदान के साथ ही बैंकों से प्राप्त ऋणों की राशि को आरोपित व्यक्तियों के नियंत्रण वाले संबद्ध ट्रस्टों, कंपनियों और अन्य संस्थाओं को स्थानांत रित किया गया था.
