नयी दिल्ली, 05 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) का 311 ऐप लोगों की शिकायतों के त्वरित और पारदर्शी समाधान के बजाय उनकी परेशानियां बढ़ाने का माध्यम बन गया है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज होने के बाद भी कई मामलों में शिकायतें संबंधित विभाग तक नहीं पहुंचतीं, जिससे उनका समय पर निस्तारण नहीं हो पाता। उन्होंने आरोप लगाया कि एमसीडी केवल ऑनलाइन सेवाओं का प्रचार कर रही है, जबकि प्रदूषण, आरटीआई, ट्रेड लाइसेंस, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, ईडब्ल्यूएस, प्रॉपर्टी टैक्स और डोमिसाइल जैसी सेवाओं में लोगों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्हाेंने कहा कि शिकायत दर्ज करने के दौरान पहले ईमेल मांगा जाता था, लेकिन अब उसकी जगह एक गैर-मान्य ईमेल आईडी स्वतः दिखाई देती है, जिससे शिकायतकर्ता को कोई अपडेट नहीं मिल पाता। उन्होंने कहा कि कई मामलों में अधिकारी बिना समाधान किये ही शिकायत बंद कर देते हैं, जिससे नागरिकों को बार-बार निगम कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। उन्होंने दावा किया कि मानसून के दौरान सड़कों पर गड्ढे, खुले मैनहोल और टूटी सड़कें लोगों के लिए खतरा बनी हुई हैं, लेकिन 311 ऐप पर दर्ज शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने मांग की कि निगम शिकायत मिलते ही संबंधित विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दे और तय समय सीमा में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।
