सीधी: पुलिस मुख्यालय द्वारा गुमशुदा बच्चों की बरामदगी हेतु चलाये जा रहे अभियान मुस्कान के अंतर्गत, पुलिस अधीक्षक सीधी संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में जमोड़ी पुलिस ने एक और सफलता अर्जित की है। पुलिस टीम ने घर से बिना बताए गई एक नाबालिग बालिका को त्वरित कार्यवाही करते हुए सुरक्षित ढूंढ निकाला और उसे उसके परिजनों से मिलाया है।
पुलिस के अनुसार थाना जमोड़ी क्षेत्र के अंतर्गत दिनांक 4 अप्रैल 2026 को एक नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने की सूचना दर्ज कराई गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बालिका अपनी माता द्वारा किसी बात पर दी गई डांट से नाराज हो गई थी। इसी नाराजगी के कारण वह परिजनों को बिना सूचित किए चुपचाप अपने एक दूर के रिश्तेदार के घर चली गई थी।
थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से बालिका की लोकेशन का पता लगाया और उसे सुरक्षित दस्तयाब किया। बालिका को वापस लाने के उपरांत पुलिस द्वारा उसकी विधिवत काउंसलिंग की गई, जिसमें उसे समझाकर भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की सलाह दी गई। सभी कानूनी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के पश्चात बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया है। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए और उन्होंने सीधी पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए हृदय से आभार व्यक्त किया है। बालिका की सुरक्षित दस्तयाबी में उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी थाना प्रभारी जमोड़ी, उप निरीक्षक वर्षा यादव, आरक्षक ललित मिश्रा,
मानेंद्र शुक्ला की मुख्य भूमिका रही।
