इंदौर:ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. उसके कब्जे से एक लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. जांच में इन उपकरणों में ऑनलाइन सट्टे की आईडी और लेन-देन का हिसाब मिला है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब सट्टेबाजी के नेटवर्क और पैसों के लेन देन से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है.मामला 6 मई की रात का है. क्राइम ब्रांच की टीम ने ऊषा नगर मेन स्थित सांई नयन अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 पर रात करीब 12.40 बजे दबिश दी थी. यहां सात आरोपी लैपटॉप और मोबाइल के जरिए अलग-अलग वेबसाइट पर ग्राहकों से पैसे लेकर ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टा संचालित करते मिले थे.
पूछताछ में सामने आया था कि ग्राहकों को ऑनलाइन सट्टे की आईडी उपलब्ध कराई जाती थी. इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा करवाकर डिजिटल पॉइंट्स के माध्यम से सट्टा खिलाया जाता था. इस मामले में पूर्व में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि अभिषेक अग्रवाल फरार था. पुलिस ने उसकी तलाश जारी रखी. जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और लगातार की गई कार्रवाई के बाद क्राइम ब्रांच टीम ने अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया. वह स्व. रामकिशोर अग्रवाल का बेटा है और ग्वालियर का रहने वाला है. अभिषेक के पास से मिले लैपटॉप और तीन मोबाइल फोन की जांच की गई तो उनमें ऑनलाइन सट्टे की आईडी के साथ लेन-देन का हिसाब भी मिला. पुलिस अब इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में मिले रिकॉर्ड को खंगाल रही है.
एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑनलाइन क्रिकेट और कैसीनो सट्टेबाजी के मामले में पूर्व में गिरफ्तार सात आरोपियों से सामने आए नेटवर्क की जांच के दौरान फरार आरोपी अभिषेक अग्रवाल की भूमिका सामने आई थी.उसे गिरफ्तार कर उसके पास से लैपटॉप और तीन मोबाइल जब्त किए गए हैं.इनमें ऑनलाइन सट्टे की आईडी और लेन-देन का हिसाब मिला है. इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच और पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
पहले 7 आरोपियों से 7.70 लाख का माल मिला था
मई में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 7 लाख 70 हजार रुपए कीमत का मशरूका जब्त किया था. इसमें 39 एंड्रॉइड मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप मय चार्जर, 1 लाख 40 हजार रुपए नकद, विभिन्न बैंकों की चेकबुक, पासबुक और डेबिट कार्ड शामिल थे. इसके अलावा सट्टे के हिसाब-किताब से संबंधित रजिस्टर और दस्तावेज भी जब्त किए थे. पुलिस अब अभिषेक से जब्त उपकरणों में मिले रिकॉर्ड को पूर्व में जब्त दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से मिलाकर देख रही है. इससे ऑनलाइन सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाली आईडी, लेन-देन और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी सामने आने की संभावना है. मामले में ऑनलाइन सट्टेबाजी के संबंध में केस दर्ज कर जांच जारी है. पुलिस ने अभिषेक के खिलाफ भी इसी प्रकरण में कार्रवाई की है.
