12 ग्राम ब्राउन शुगर तस्करी में बैकवर्ड लिंक से झाबुआ का सह-आरोपी गिरफ्तार

इंदौर: 12 ग्राम ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए झाबुआ से एक सह-आरोपी को गिरफ्तार किया है. इंदौर में ब्राउन शुगर के साथ पकड़े गए आरोपी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को मादक पदार्थ की सप्लाई का लिंक झाबुआ तक मिला. इसके बाद टीम ने मारुति नगर उड़ा में दबिश देकर शनिद शेख को पकड़ लिया. पुलिस अब उससे मादक पदार्थ की सप्लाई के मुख्य स्रोत और पूरे नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है.

मामला रविवार 27 सितंबर का है, क्राइम ब्रांच की टीम टीसीएस के पीछे वाली रोड, नंबर 3 गेट के पास गश्त और चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान काले रंग की हीरो कंपनी की पैशन प्रो मोटरसाइकिल पर सवार अजय सूर्यवंशी, निवासी थाना राजेंद्र नगर, इंदौर, पुलिस के हत्थे चढ़ा. तलाशी लेने पर उसके पास 12 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर मिली. इसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई. पुलिस ने उसके पास से करीब 50 हजार रुपए कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की. इस तरह जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कीमत करीब 1 लाख 70 हजार रुपए थी.

अजय सूर्यवंशी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया था. जांच और रिमांड के दौरान पुलिस ने उससे ब्राउन शुगर की सप्लाई के बैकवर्ड लिंक को लेकर पूछताछ की. साथ ही तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया. पूछताछ में अजय ने पुलिस को बताया कि उसे ब्राउन शुगर झाबुआ निवासी शनिद शेख से मिली थी. जानकारी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिद शेख की तलाश शुरू की. टीम झाबुआ पहुंची और मारुति नगर उड़ा में दबिश देकर घेराबंदी की. यहां से शनिद शेख को पकड़ लिया. मामले में उसे सह आरोपी बनाया है.

पुलिस ने प्रकरण में मादक पदार्थ तस्करी से जुड़ी साजिश की धारा भी बढ़ाई है. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि 12 ग्राम ब्राउन शुगर के मामले में पहले पकड़े गए आरोपी अजय सूर्यवंशी से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर झाबुआ के शनिद शेख तक पहुंचा गया. उसे गिरफ्तार कर लिया है, उससे मादक पदार्थ के मुख्य स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

बॉक्स…
नौवीं तक पढ़ा, इलेक्ट्रीशियन है शनिद…
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार शनिद शेख मारुति नगर उड़ा, झाबुआ का रहने वाला है. वह नौवीं कक्षा तक पढ़ा है और इलेक्ट्रीशियन का काम करता है. पुलिस उससे ब्राउन शुगर की मूल सप्लाई चेन, मुख्य स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है. जांच में पुलिस का फोकस अब बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक पर है. यह पता लगाया जा रहा है कि शनिद को ब्राउन शुगर किससे मिली थी, मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं.

Next Post

UPSC के शताब्दी समारोह में पीएम मोदी ने जारी किया स्मारक सिक्का और डाक टिकट, कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना

Thu Oct 1 , 2026
नई दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) के शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। अपने इस ऐतिहासिक संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने हाल ही में फ्लाईदुबई की उड़ान में अदम्य साहस का […]

You May Like