पेरिस, 03 मार्च (वार्ता) फ्रांसिसी विदेश मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने मंगलवार को कहा कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में तैनात फ्रांसिसी राफेल लड़ाकू विमानों ने देश में सैन्य अड्डों के ऊपर ‘हवाई सुरक्षा अभियान’ चलाये हैं।
श्री बैरोट ने फ्रांसिसी समाचार चैनल बीएफएम टीवी पर कहा कि चूंकि फ्रांस यूएई में नौसैनिक और हवाई अड्डे रखता है इसलिए फ्रांसिसी सुविधाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राफेल विमानों और उनके चालक दल को सक्रिय किया गया था।
फ्रांसिसी विदेश मंत्री ने सोमवार को कहा था कि फ्रांस बाध्यकारी समझौतों के तहत खाड़ी देशों और जॉर्डन की रक्षा में भाग लेने के लिए तैयार है।
रविवार को, फ्रांस की सशस्त्र सेनाओं के मंत्री कैथरीन वॉट्रिन ने सोशल मीडिया पर कहा कि अबू धाबी के बंदरगाह को निशाना बनाकर किए गए ड्रोन हमले में अमीराती बेस के बगल में स्थित फ्रांस के नौसैनिक अड्डे का एक हैंगर (विमान घर) प्रभावित हुआ था। नुकसान केवल भौतिक संपत्तियों तक सीमित था और किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली।
