सीहोर। राज्य शासन ने शुक्रवार को सोयाबीन का भावांतर योजना के तहत मॉडल रेट तय कर दिया है. राज्य स्तर पर मॉडल रेट 4020 रुपए प्रति क्विंटल तय कर दिए जाने पर अब केन्द्र सरकार द्वारा तय मॉडल रेट के बीच के अंतर की राशि लगभग 1308 रुपए किसानों को मिलेगी. इस बार किसानों को कृषि उपज मंडियों में सोयाबीन का अपेक्षाकृत अच्छा भाव मिला है. नतीजतन भावांतर योजना ने एक तरह से किसानों की चांदी कर दी है.
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने शुक्रवार को सोयाबीन का भावांतर योजना में मॉडल रेट तय कर दिया गया है. अब केंद्र सरकार द्वारा तय किए 5328 रुपए प्रति क्विंटल और सरकार द्वारा तय किए मॉडल रेट 4020 रुपए के बीच के अंतर का फायदा किसानों को मिलेगा. इस बार मंडियों में किसानों को सोयाबीन का अच्छा भाव मिला है. केवल उस उपज को कम रेट मिला है जो या तो खराब हो गई थी या फिर किन्हीं कारणों से दाना बोल्ड नहीं था.
किसानों को उपज के न्यूनतम समर्थन मूल्य का पूर्ण लाभ दिलाने के लिए सोयाबीन उत्पादक किसानों को अतिरिक्त 1308 रुपए प्रति क्विंटल दिए जाएंगे. आगामी 13 नवंबर को सोयाबीन उत्पादक किसानों को इसका लाभ वितरित किया जाएगा.
