
खुजनेर। थाना क्षेत्र में स्कॉर्पियो से 3 लाख 10 हजार रुपए चोरी मामले का शनिवार को पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने स्कॉर्पियो के ड्राइवर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से 2 लाख 80 हजार रुपए बरामद हुए हैं.
घटना 25-26 अगस्त की रात बखेड़ जोड़ के पास हुई. भिंड जिले के बढ़पुरा निवासी शिवकुमार शर्मा ने पुलिस को शिकायत दी थी. उन्होंने बताया कि उनकी स्कॉर्पियो घर के सामने खड़ी थी. गाड़ी की आगे की डिक्की में 3 लाख 10 हजार रुपए रखे थे. रात में किसी ने डिक्की खोलकर रकम चोरी कर ली.
आरोपियों से 2 लाख 80 हजार रुपए बरामद
शिवकुमार ने अपने ड्राइवर राजेंद्र उर्फ भूरा यादव और राकेश कुशवाह पर चोरी का शक जताया था. शिकायत के बाद खुजनेर पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों से जानकारी जुटाई. इसके बाद दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में दोनों ने चोरी में शामिल होना स्वीकार किया. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया. आरोपियों से 2 लाख 80 हजार रुपए नकद बरामद हुए हैं.
शिवपुरी के हैं दोनों आरोपी
पुलिस अब बाकी 30 हजार रुपए की तलाश कर रही है. वारदात में किसी और की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र सिंह उर्फ भूरा यादव (31) ग्राम महुआ, थाना मायापुर और राकेश कुशवाह (31) ग्राम रन्नौद, थाना रन्नौद के रहने वाले हैं। दोनों शिवपुरी जिले के निवासी हैं.
