
सीधी । जिले के मझौली थानांतर्गत एक 3 साल 11 माह की बच्ची से दुष्कर्म के आरोप में सीआरपीएफ के जवान को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्ची के घर के पड़ोस में रहता है। पुलिस ने दो टीमों में 8 जवानों को लगाकर उसकी तलाश की। घेराबंदी करते हुए आरोपी को गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान जगह से पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक 14 अगस्त की रात बच्ची घर से बाहर गई थी। रात करीब 9 बजे वह रोते हुए वापस लौटी और मां को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने 15 अगस्त को मझौली थाने में शिकायत दर्ज कराई। बच्ची का स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल कराया गया। पुलिस ने शिकायत के बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। दो टीमों में चार-चार पुलिसकर्मी शामिल थे। तलाश के दौरान आरोपी गांव से करीब 20 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर मिला, जहां घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मां ने पुलिस को बताया कि बच्ची रात में घर से बाहर गई थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर वह उसे तलाश रही थीं। रात करीब 9 बजे बच्ची रोते हुए उनके पास पहुंची और घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने अगले दिन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। मझौली पुलिस ने मामले में पास्को एक्ट और संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्व किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में है। वह 1 अगस्त को 20 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। उसकी उम्र करीब 59 साल है और अगले साल वह रिटायर होने वाला था। बताया गया है कि
पीड़िता के माता-पिता मजदूरी करते हैं। बच्ची उनकी पहली संतान है।
इनका कहना है-
मझौली थानांतर्गत एक 3 वर्ष 11 माह की बच्ची के साथ बलात्कार होने की सूचना प्राप्त हुई थी। वरिष्ठ अधिकारियों को इससे अवगत कराते हुए दो टीमों का गठन कर आरोपी को थाना लाया गया। आरोपी ने पूंछतांछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपी वर्तमान में सीआरपीएफ में पदस्थ है।
विशाल शर्मा, थाना प्रभारी मझौली
