करंट लगने से नवविवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

ग्वालियर। शहर के हजीरा थाना क्षेत्र के लधेड़ी इलाके में खुले पड़े बिजली के तार की चपेट में आने से 26 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान पूजा बाथम पत्नी जितेंद्र बाथम के रूप में हुई है। आज रविवार को 1000 बिस्तरीय अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार पूजा घर में काम कर रही थी। इसी दौरान घर में ही मौजूद खुले बिजली के तार से उसका हाथ छू गया। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर अचेत हो गई। उसकी चीख सुनकर घर के दूसरे हिस्से में मौजूद सास-ससुर मौके पर पहुंचे और उसे झुलसी हालत में पड़ा देखा। घटना के समय पति जितेंद्र रोजमर्रा के काम से घर से बाहर गया था। परिजनों ने उसे सूचना दी, जिसके बाद वह घर पहुंचा और पूजा को इलाज के लिए शहर के 1000 बिस्तरीय अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।

 

मायके पक्ष ने लगाए दहेज और मारपीट के आरोप

पूजा की मौत के बाद मायके पक्ष ने हंगामा करते हुए पुलिस से पैनल पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मृतका की मां डोली, पिता नवल और भाई जीतू ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही पति पूजा के साथ मारपीट करता था और दहेज की मांग करता था। मायके पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि पूजा को करंट लगाकर मारा गया है।

मायके पक्ष की मांग पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों और परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में पूजा का पैनल पोस्टमार्टम कराया।

बताया जा रहा है कि पूजा और जितेंद्र की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा भी है। मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में चीख-पुकार मच गई और बसे-बसाए परिवार में मातम छा गया।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही हजीरा थाना पुलिस मौके पर और अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को अपनी कस्टडी में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कराई। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Next Post

एमपीईबी के लंबे शटडाउन से जलालपुर जल शोधन संयंत्र की पंपिंग प्रभावित, आज कई क्षेत्रों में कम दबाव से होगा जलप्रदाय

Sun Aug 16 , 2026
ग्वालियर। एमपीईबी के लंबे शटडाउन के कारण 160 एमएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र जलालपुर की विद्युत आपूर्ति बंद रही। विद्युत आपूर्ति बाधित रहने के कारण संयंत्र के अंतर्गत संचालित होने वाले सभी पंप बंद रहे। इसके चलते जलालपुर जल शोधन संयंत्र की पंपिंग से भरी जाने वाली समस्त 33 […]

You May Like