छतरपुर। खाद की किल्लत को लेकर रविवार को सटई रोड स्थित कृषि उपज मंडी में किसानों का आक्रोश देखने को मिला। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में किसानों की परेशानी को देखते हुए शिवसेना कार्यकर्ता करीब 250 से 300 किसानों के साथ मंडी परिसर पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने खाद की भारी कमी और वितरण में अव्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को पर्याप्त खाद नहीं मिल पा रही है। वर्तमान में प्रति किसान केवल 2 बोरी खाद दी जा रही है, जो खेती के लिए पूरी तरह नाकाफी है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि 25 एकड़ भूमि वाले किसान के लिए 2 बोरी खाद से खेती की जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं। किसानों की मांग है कि उन्हें कम से कम 5 बोरी खाद उपलब्ध कराई जाए, ताकि फसलों की बुवाई और देखभाल सही ढंग से हो सके।
प्रदर्शन के दौरान यह भी आरोप लगाए गए कि मंडी और आसपास के इलाकों में दिन-प्रतिदिन कालाबाजारी बढ़ती जा रही है, जिससे किसान मजबूरी में महंगे दामों पर खाद खरीदने को विवश हैं। शिवसेना नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन से किसानों ने मांग की है कि खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की जाए।
