एसपी ने स्वीकारा : पुलिस ने होनहार छात्र को ड्रग स्मगलिंग में फंसाया

इंदौर:मंदसौर में एक होनहार छात्र की गलत गिरफ्तारी के मामले ने मंगलवार को इंदौर हाईकोर्ट में गंभीर मोड़ ले गया. सुनवाई के दौरान मंदसौर एसपी विनोद कुमार मीणा स्वयं उपस्थित हुए और कोर्ट के सामने स्वीकार किया कि मल्हारगढ़ थाने की टीम ने बस से छात्र को उतारकर उसी दिन उस पर ड्रग स्मगलिंग का केस दर्ज किया था. एसपी ने माना कि कार्रवाई में गंभीर त्रुटियां हुईं और एफआईआर में दर्ज गिरफ्तारी की टाइमिंग व स्थान, मौके की वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाते. मामले में छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई है.

सुनवाई में जब कोर्ट ने पूछा कि क्या पिछली सुनवाई में आए जांच अधिकारी ने गलत तथ्य रखे थे, तो इस पर एसपी ने खेद जताया. कोर्ट ने कहा कि दस्तावेजों और बयान में आए विरोधाभास से यह स्पष्ट है कि पुलिस ने विधि अनुसार प्रक्रिया का पालन नहीं किया. एसपी ने बताया कि थाने में कुल 55 का स्टॉफ है और पूरे मामले की जांच चल रही है, हालांकि उन्होंने निलंबित पुलिसकर्मियों के नाम उजागर नहीं किए. शासन पक्ष की ओर से तर्क दिया गया कि ट्रॉयल कोर्ट में सुनवाई के दौरान स्थिति स्पष्ट हो जाएगी, लेकिन कोर्ट ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि क्या एक निर्दोष व्यक्ति को वर्षों तक इस प्रक्रिया का इंतजार करवाया जाएगा. लंबी सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है.
क्या था मामला
मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ पुलिस द्वारा 29 अगस्त को 2.700 किलो अफीम के साथ छात्र सोहन पिता बालाराम जोधपुर राजस्थान (18 वर्ष) को पकड़ा था और अगले दिन 30 अगस्त को मंदसौर कोर्ट में पेश कर उसे जेल भेज दिया गया. मामले में सोहन के परिजन ने एडवोकेट हिमांशु ठाकुर के माध्यम से हाईकोर्ट में जमानत की अपील की गई और साक्ष्य प्रस्तुत किए गए. कोर्ट ने छात्र को जमानत देते हुए तल्ख टिप्पणी की है कि घटना में पूरा थाना लिप्त है. पुलिस ने एक बेगुनाह के खिलाफ यह कार्रवाई की है. मामला सीबीआई को ट्रांसफर किया जाना चाहिए.

Next Post

अवैध गोडाउन से पटाखों का जखीरा बरामद

Wed Dec 10 , 2025
इंदौर: एरोड्रम पुलिस ने एयरपोर्ट रोड स्थित एक गोडाउन पर दबिश देकर प्रतिबंधित पटाखों का जखीरा पकड़ा है. आरोपी के पास किसी भी प्रकार का लाइसेंस नहीं मिला. जब्त पटाखों की कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है.थाना प्रभारी वरुण सिंह भाटी ने बताया कि एरोड्रम पुलिस ने सुबह […]

You May Like