कार्बाइड गन और सुतली बम से घायल 10 बच्चों का एम्स में चल रहा उपचार

भोपाल। दीपावली पर्व के दौरान कार्बाइड गन और प्रतिबंधित पटाखों के कारण घायल हुए बच्चों का हाल जानने के लिए आज प्रशासनिक टीम एम्स अस्पताल पहुँची। मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एमपी नगर), तहसीलदार, नायब तहसीलदार (एमपी नगर) और सीएसपी कश्यप ने अस्पताल में घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

एम्स अस्पताल में डॉ. विवेक और उनकी टीम ने बताया कि कुल 10 बच्चे उपचाराधीन हैं, जिनमें 8 बच्चे कार्बाइड गन से और 2 बच्चे सुतली बम से घायल हुए हैं। इनमें से 5 बच्चों का ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो चुका है, जबकि 3 बच्चों का ऑपरेशन आज प्रस्तावित है। अधिकारियों ने घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

डॉ. विवेक ने बताया कि सभी बच्चों का उपचार निशुल्क किया जा रहा है और उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सकीय सुविधा प्रदान की जा रही है। घायल बच्चों में कार्तिक (14 वर्ष, सोहागपुर), आशीष मालवीय (17 वर्ष, मिसरोद), युवराज पाल (11 वर्ष, सोडानिया बुधनी), सत्येंद्र गुर्जर (17 वर्ष, ग्वालियर), दीपेश मालवीय (12 वर्ष, बैरसिया), राहुल अहिरवार (25 वर्ष, कोकता बायपास), सार्थक गौर (15 वर्ष, ओबैदुल्लागंज) और ऋतिक अहिरवार (8 वर्ष, धोबीखेड़ा शमशाबाद) शामिल हैं। वहीं सुतली बम से घायल अन्नू मालवीय (14 वर्ष, आशिमा मॉल के पास) और शुभ मित्तल (16 वर्ष) का भी उपचार जारी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दीपावली के दौरान प्रतिबंधित पटाखों और कार्बाइड गन की बिक्री व उपयोग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाएँ और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।

 

Next Post

फ्लाईओवर में लगी 24 प्लेट, 13 नट चुराते चोर पकड़ाया

Sat Oct 25 , 2025
जबलपुर: गढ़ा पुरवा फ्लाई ओवर में लगी 24 लोहे की प्लेट, 13 नट चुराते एक चोर को राहगीरों ने दबोच लिया। जिसे पुलिस के हवाले किया गया। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस के मुताबिक अजय केवट निवासी गढ़ा पुरवा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि […]

You May Like