शराब माफिया के बढ़ते दबदबे से कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

विशेष संवाददाता भोपाल। मध्य प्रदेश में अवैध शराब के कारोबार और शराब माफिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस ने खातेगांव में शराब तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक से थाना प्रभारी की कथित कुचलकर हत्या और सागर तथा देवास जिलों में जहरीली शराब से हुई मौतों को लेकर सरकार और प्रशासन को घेरा है।

सोमवार को जारी बयान में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अवैध शराब का कारोबार लगातार फल-फूल रहा है। जहरीली शराब से लोगों की मौतें और तस्करी रोकने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर हमले शराब माफिया के बढ़ते हौसले और प्रभाव को उजागर करते हैं।

कांग्रेस के अनुसार, खातेगांव में थाना प्रभारी दिलीप पुरी पुलिस टीम के साथ नेमावर रोड हाईवे पर शराब की खेप पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित रूप से शराब तस्करी में लगे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

पार्टी ने सितंबर में सागर जिले के नौराजा, घुघरा खुर्द और आसपास के गांवों में संदिग्ध जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों तथा अक्टूबर में देवास जिले के चंदाना-बिंजाना क्षेत्र में सामने आए ऐसे ही मामलों का भी उल्लेख किया।

कांग्रेस ने तीनों घटनाओं की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच, शराब तस्करी नेटवर्क और उसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पुलिस एवं आबकारी अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। साथ ही दिवंगत थाना प्रभारी के परिवार को उचित सहायता और सम्मान देने तथा प्रदेशभर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने की मांग की।

Next Post

जबलपुर में ढाई लाख का गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

Mon Nov 2 , 2026
जबलपुर, जबलपुर में क्राइम ब्रांच और रांझी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान एक सियाज कार को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कार में बैठे मनीष रजक और आनंद श्रीवास के बैग से 5 किलो 131 […]

You May Like