नयी दिल्ली, 01 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भीषण बाढ़ की चपेट में आए पंजाब की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ितों को और तत्परता से ज़रूरी सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में कहा “पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि और व्यापक तबाही बेहद दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और फंसे हुए सभी लोगों की सलामती की कामना करता हूं। केंद्र और राज्य सरकार से अपील है कि राहत और बचाव कार्यों में और अधिक तेज़ी और मज़बूती लाई जाए। बर्बादी की भयावहता को देखते हुए सरकार को मिशन मोड में काम करना होगा। किसानों, मज़दूरों, पशुपालकों और आम नागरिकों को तुरंत और प्रभावी सहायता मिलनी चाहिए।”
उन्होंने कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से आग्रह है कि राहत कार्य ही इस समय उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता हो-यही आपका एकमात्र दायित्व है और हम सबको मिलकर पंजाब के लोगों का हाथ थामना है।
श्रीमती वाड्रा ने कहा कि पिछले कई दिनों से पंजाब भयंकर बाढ़ की चपेट में है। पंजाब के लोगों, खासकर किसानों का भारी नुकसान हुआ है। पंजाब के हमारे बहादुर भाई-बहन बड़ी हिम्मत से आपदा का सामना कर रहे हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार से निवेदन है कि आपदा की गंभीरता को समझते हुए पीड़ितों को ज़रूरी सहायता पहुंचाएं और नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजे की भी व्यवस्था करें।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से पीड़ितों की मदद का आग्रह करते हुए कहा “कांग्रेस के साथियों से अपील है कि इस मुश्किल वक्त में पीड़ित लोगों की यथासंभव मदद करें।”
