जंगली जानवर के हमले से चार लोग घायल

शाजापुर, जिले के सुंदरसी क्षेत्र में शुक्रवार को एक जंगली सियार ने जमकर आतंक मचाया. सियार ने अलग अलग जगहों पर हमला करके एक पुजारी और तीन ग्रामीणों सहित कुल चार लोगों को घायल कर दिया. इसके बाद ग्रामीणों ने भी भीड़ में पहुंचकर पहले सियार को घेर लिया और बाद में उसे मार डाला. शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे दशहरा बड़ली के रहने वाले बाबूलाल मालवीय जब जंगल से अपने घर लौट रहे थे तभी अचानक सियार ने उन पर हमला कर दिया और उनके हाथ का अंगूठा काट लिया. बाबूलाल की चीख पुकार सुनकर जब आसपास के ग्रामीण दौडक़र मौके पर पहुंचे तो सियार वहां से भाग निकला. लेकिन इसके कुछ देर बाद ही सियार ने खेत पर भैंस के लिए भूसा लेने गए सद्दाम पिता महबूब खान पर भी हमला कर उसे भी घायल कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में आतंक मचाने के बाद सियार सुंदरसी में स्थित महाकाल मंदिर परिसर के अंदर घुस गया. वहां उसने मंदिर के पुजारी मंगल सिंह राठौड़ और एक अन्य ग्रामीण रमेश अंगूरिया पर हमला कर उन्हें भी जख्मी कर दिया. घटना के बाद ये लोग शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचे,जहां उनका इलाज किया गया. सियार के लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए और डरे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. खुद को बचाने और आगे के हमलों को रोकने के लिए ग्रामीणों ने सियार को चारों तरफ से घेर लिया और उसे मार डाला. अस्पताल में भर्ती सभी घायलों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है.

Next Post

नाबालिगों के हक के दस्तावेज दबे न रह जाएं, अंतिम फैसले से पहले सुनवाई जरूरी: हाईकोर्ट

Fri Jun 12 , 2026
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के जस्टिस विवेक जैन की एकलपीठ ने एक मामले में स्पष्ट किया है कि न्याय का अर्थ केवल फैसला सुनाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि हकदार पक्ष को अपना पक्ष साबित करने का पूरा अवसर मिले। जिस पर नाबालिगों के मुआवजा दावे में आवश्यक […]

You May Like