तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आये बाइक सवार

सिंगरौली के मोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरवा-अनपरा मार्ग पर मंगलवार रात खनहना में हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। देर रात निरीक्षक डॉ ज्ञानेंद्र सिंह व तहसीलदार अभिषेक यादव के आश्वासन के बाद जाम खुल सका और आवागमन बहाल हुआ।

अज्ञात ट्रेलर की टक्कर से हुआ हादसा
मृतक के परिजन चतरी निवासी लखपति यादव
ने मोरवा पुलिस को बताया कि उनके बड़े पिता रामलल्लू यादव पिता स्व. अमरोल यादव उम्र 35 वर्ष पीटासी स्थित पेट्रोल पंप पर काम करते थे। देर रात उनके भतीजे सूरज कुमार यादव ने फोन पर सूचना दी कि खनहना में रामलल्लू यादव का एक्सीडेंट हो गया है। जिसके बाद वह खनहना पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि दुर्घटना में रामलल्लू यादव के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं, जिससे उनकी मौत हो गई और उनका शव सड़क किनारे पड़ा था। लखपति यादव ने पुलिस बताया कि किसी अज्ञात ट्रेलर चालक ने हादसे को अंजाम दिया है।

दो घायल नेहरू चिकित्सालय से वाराणसी रेफर
उनके साथ बाइक पर मौजूद राजकुमार रजक पिता शोभनाथ रजक उम्र 26 वर्ष और करण कुमार रजक पिता कमला प्रसाद रजक उम्र 20 वर्ष दोनों निवासी खनहना भी गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को उपचार के लिए नेहरू शताब्दी चिकित्सालय, जयंत भेजा गया। जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए देर रात करीब 12 बजे वाराणसी रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों ने लगाया जाम, आश्वासन के बाद माने
घटना से नाराज ग्रामीणों ने एनएच मार्ग पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मोरवा निरीक्षक डॉ ज्ञानेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। देर रात तक पुलिस ग्रामीणों को समझाने में जुटी रही। इसके बाद तहसीलदार अभिषेक यादव भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को उचित मुआवजा एवं रेड क्रॉस सोसाइटी से आर्थिक मदद भी दिलवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
पुलिस ने मृतक के परिजनों के द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रेलर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Next Post

सडक़ों के शेष रह गए गड्ढे ठीक करने एवं पेचवर्क का कार्य तेज गति से पूरा करें: कमिश्नर

Wed Oct 28 , 2026
रीवा:रीवा संभाग कमिश्नर शीलेंद्र सिंह ने मंगलवार को संभागीय समय सीमा की बैठक में ईई लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि वह अब तक सडक़ों के शेष रह गए गड्ढों को ठीक करने एवं उनके पेचवर्क रिपेयर का कार्य तेज गति से करते हुए शीघ्र पूरा करें. चचाई एवं […]

You May Like