मुंबई, 11 अक्टूबर (वार्ता) घरेलू शेयर बाजारों में बीते सप्ताह रही तेजी के बाद आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर कंपनियों के तिमाही परिणामों और महंगाई के आंकड़ों पर रहेगी।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, विप्रो, एक्सिस बैंक, एचडीएफसी बैंक और आईसीआईसीआई बैंक जैसी दिग्गज कंपनियों के दूसरी तिमाही के वित्तीय परिणाम इसी सप्ताह जारी होने हैं। इसके अलावा खुदरा और थोक महंगाई के आंकड़े भी इस सप्ताह आएंगे। इनके साथ-साथ वैश्विक कारक, विशेषकर पश्चिम एशिया की स्थिति और कच्चे तेल की कीमत, मिलकर बाजार की निवेश धारणा तय करेंगे।
गत सप्ताह सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को बाजार में तेजी रही जबकि बुधवार और गुरुवार को गिरावट देखी गई। सप्ताह के दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 562.63 अंक (0.78 प्रतिशत) चढ़कर शुक्रवार को 72,472.33 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी 98.50 अंक यानी 0.44 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में 22,520.45 अंक पर रहा। मझौली कंपनियों के सूचकांक निफ्टी मिडकैप-50 में 0.32 प्रतिशत की गिरावट रही। छोटी कंपनियों का स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.5 प्रतिशत मजबूत हुआ।
आलोच्य सप्ताह के दौरान सेंसेक्स की 15 कंपनियों में तेजी और अन्य 15 में गिरावट रही। अच्छे तिमाही आंकड़ों से टाटा समूह की फैशन एवं लाइफस्टाइल क्षेत्र की खुदरा कंपनी ट्रेंट का शेयर 12.42 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त में रहा। कोटक महिंद्रा बैंक का शेयर 4.84 प्रतिशत, टीसीएस का 4.03, भारती एयरटेल का 3.77, आईसीआईसीआई बैंक का 3.72, एक्सिस बैंक का 3.71, आईटीसी का 3.58 और इटरनल का 3.14 प्रतिशत मजबूत हुआ।
अडानी पोर्ट्स में 1.27 प्रतिशत, हिंदुस्तान यूनीलिवर में 1.09 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 0.93 प्रतिशत की तेजी रही। भारतीय स्टेट बैंक और बजाज फिनसर्व दोनों के शेयर 0.43 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 0.41 फीसदी और एलएंडटी का 0.37 फीसदी ऊपर रहा।
बीईएल में सबसे अधिक 3.91 प्रतिशत की साप्ताहिक गिरावट देखी गई। टाटा स्टील का शेयर 3.07 प्रतिशत, सन फार्मा का 2.93, टाइटन का 2.84, एशियन पेंट्स का 2.55, एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 2.34, महिंद्रा एंड महिंद्रा का 2.07 और पावरग्रिड का 2.02 प्रतिशत टूट गया।
सप्ताह के दौरान एनटीपीसी का शेयर 1.77 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक का 1.70, इंडिगो का 1.45, टेक महिंद्रा का 1.43, अल्ट्राटेक सीमेंट का 1.10, इंफोसिस का 1.06 और मारुति सुजुकी का 0.04 प्रतिशत नीचे बंद हुआ।
