
ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में जिले के ग्राम कुलैथ में 13 नवंबर को पशु पालक सम्मेलन होगा। मंगलवार को हुई अंतरविभागीय समन्वय बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर कृषि व कृषि अभियांत्रिकी, पशु पालन व डेयरी, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी सहित खेती से जुड़े अन्य विभाग प्रभावी व आकर्षक प्रदर्शनियां लगाएं, जिससे किसान एवं पशु पालक इन प्रदर्शनियों को देखकर विभागीय योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने पशु पालक सम्मेलन की सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। कुलैथ में आयोजित होने जा रहे इस सम्मेलन के दौरान बैलगाड़ी दौड़ सहित अन्य गतिविधियां भी होंगी।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री द्वारा जिले के भ्रमण के दौरान की गई घोषणाओं का पालन कराने के निर्देश भी दिए गए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रावत ने निर्देश दिए कि इस काम को गंभीरता से लें और घोषणाओं को धरातल पर लाएं। इसमें कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक में सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर , पराली व नरवाई प्रबंधन, स्वामित्व अधिकार के तहत रजिस्ट्री एवं चीता जागरूकता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई। जिला पंचायत सीईओ ने दीपावली त्योहार को ध्यान में रखकर अस्पतालों में प्राथमिक बर्न यूनिट तैयार करने के निर्देश स्वास्थय विभाग के अधिकारियों को दिए।
बैठक में वन मंडल अधिकारी मुकेश पटेल, अपर कलेक्टर सी.बी प्रसाद व अनिल बनवारिया, जिले के एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
