
सीधी । मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के आयोजन को महज खानापूर्ति में निपटा दिया गया। आयोजन के दौरान न ध्वजारोहण करने की जरूरत समझी गई और न ही अधिकारियों की सहभागिता दर्ज हुई। भव्य उत्सव की जगह सिर्फ कृषि लोकोत्सव तक समारोह सीमित रहा। आयोजन से नाखुश सीधी विधायक ने मंच से नाराजगी जताई।
मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर सीधी जिले में आयोजित जिला स्तरीय समारोह को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला प्रशासन की लचर व्यवस्थाओं को लेकर एक नया पहलू सामने आया है कि प्रदेश के इस सबसे बड़े गौरवशाली दिवस को व्यापक और भव्य रूप देने के बजाय प्रशासन ने इसे महज एक कृषि लोकोत्सव तक ही सीमित रखकर समेट दिया। इसे लेकर स्थानीय भाजपा विधायक रीती पाठक ने भरे मंच से अपनी तीव्र आपत्ति दर्ज कराई है। विधायक ने खुले तौर पर आरोप लगाया कि शासन के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद प्रशासन ने इस ऐतिहासिक दिन को जन-जन का उत्सव बनाने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। पूरे कार्यक्रम को कृषि विज्ञान केन्द्र के एक छोटे से बंद सभागार में आयोजित कर केवल कृषि महोत्सव के दायरे में बांध दिया गया जिससे स्थापना दिवस का मूल उद्देश्य और उसकी गरिमा पूरी तरह खत्म हो गई। स्थापना दिवस जैसे गरिमामयी अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर नियमानुसार ध्वजारोहण तक नहीं किया गया। इसके अलावा म.प्र. की समृद्ध लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक आयोजनों का भी पूरी तरह अभाव रहा। जिला स्तरीय समारोह होने के बावजूद अधिकांश विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी इस कार्यक्रम से पूरी तरह नदारद रहे जिसे विधायक ने शासकीय आदेशों की खुली अवहेलना बताया।
००
आयोजन में गाइड लाइन की अनदेखी: रीती
विधानसभा क्षेत्र सीधी की विधायक श्रीमती रीती पाठक ने नवभारत से चर्चा के दौरान कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस का आयोजन जिस भव्यता के साथ होना था। उसे कृषि विज्ञान केन्द्र के एक छोटे हाल में आयोजित कर औपचारिकताएं निभाई गई। सीधी में भव्य ऑडिटोरियम की सुविधा होने के बावजूद पूरे आयोजन को काफी संक्षिप्त किया गया था। आयोजन में गाइड लाइन का पालन करने की जरूरत भी नहीं समझी गई।
००
सांस्कृतिक झलक का दिखा अभाव
स्थापना दिवस जैसे गरिमामयी अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर नियमानुसार ध्वजारोहण तक नहीं किया गया। इसके अलावा म.प्र. की समृद्ध लोक संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले सांस्कृतिक आयोजनों का भी पूरी तरह अभाव रहा। जबकि पूर्व में जिले में आयोजित हुए मध्यप्रदेश स्थापना दिवस भव्यता के साथ सांस्कृतिक आयोजन की प्रस्तुति के होती रही है।
००
कई विभागों के नही दिखे अधिकारी-कर्मचारी
जिला स्तरीय समारोह होने के बावजूद अधिकांश विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी इस कार्यक्रम से पूरी तरह नदारद रहे, जिसे विधायक ने शासकीय आदेशों की खुली अवहेलना बताया। स्थापना दिवस जैसे बड़े उत्सव को एक छोटे से कमरे में कृषि लोकोत्सव् के नाम पर खानापूर्ति करने के इस प्रशासनिक रवैये के बाद क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विधायक की इस तल्ख नाराजगी के बाद अब जिले के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
इनका कहना है
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम के आयोजन में अव्यवस्थाओं के संबंध में मुझे कुछ नही मालूम है। वही सीधी विधायक द्वारा आयोजन के संबंध में जताई गई नाराजगी की जानकारी भी नही है।
बी.पी.पाण्डेय, एडीएम सीधी
