याउंडे, 22 जून (वार्ता) मध्य अफ्रीकी गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र (संरा) शांति मिशन ने देश के उत्तर में गश्ती दल पर हुये हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें एक जाम्बियाई शांति सैनिक भी मारा गया।
संयुक्त राष्ट्र की बहुआयामी एकीकृत स्थिरीकरण मिशन के तहत सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक (मिनस्का) में गश्त कर रही टीम पर अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो जांबियन शांतिरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गये। इनमें एक की बाद में मौत हो गयी।
बयान में कहा गया,“साल 2025 की शुरुआत से मिनस्का गश्त दलों पर यह तीसरा घातक हमला है।”
मिशन प्रमुख वैलेंटाइन रुगवाबीज़ा ने चेतावनी दी कि ऐसे हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध माने जा सकते हैं। उन्होंने सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक की सरकार से अपील की कि हमलावरों की पहचान कर उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाये। हाल के महीनों में देश में सुरक्षा हालात बिगड़े हैं। फरवरी और मार्च में हुये अलग-अलग हमलों में एक ट्यूनीशियाई तथा एक केन्याई शांतिरक्षक की भी मौत हो गयी।
