वायु सेना का आठवां विमान सहायता सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा, अब तक 130 टन सामान भेजा गया

नई दिल्ली (वार्ता) नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद जारी बचाव और राहत कार्यों में भारत लगातार मदद कर रहा है और बुधवार को मानवीय सहायता लेकर वायुसेना की आठवीं उड़ान काठमांडू पहुंची।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि भारत ने 26 अगस्त से अब तक आठ विशेष उड़ानों के जरिए नेपाल को 130 टन से ज्यादा राहत सामग्री भेजी है। साथ ही 54 विशेषज्ञों को बचाव, राहत और फॉरेंसिक काम में मदद के लिए तैनात किया गया है। राहत सामग्री में अस्थायी आश्रय, कंबल, हाइजीन किट, सोलर लैंप और दवाइयों के अलावा सुरंग और कीचड़ में बचाव के उपकरण, डीएनए किट, पोर्टेबल जनरेटर, लाइटिंग टावर और पानी निकालने वाले पंप शामिल हैं।

भारतीय सुरंग बचाव दल ने नेपाली सेना के साथ मिलकर चिलिमे और लांगटांग में काम शुरू किया था। फिलहाल तलाशी अभियान चिलिमे में केंद्रित है। सुरंग तक भारी मशीनरी पहुंचाने के लिए अस्थायी रास्ता बनाया जा रहा है, जिसका काम अगले 2-3 दिनों में पूरा होने की उम्मीद है।

भारतीय फॉरेंसिक टीम काठमांडू की दो प्रयोगशालाओं में नेपाल के विशेषज्ञों के साथ डीएनए नमूनों की जांच कर रही है। भारत ने इसके लिए जरूरी फॉरेंसिक उपकरण, डीएनए किट और अन्य सामग्री भी उपलब्ध करायी है।

भारत ने कहा है कि वह नेपाल के लोगों और सरकार को हर संभव मदद देता रहेगा और बचाव, राहत और पुनर्वास के प्रयासों में सहयोग जारी रखेगा।

Next Post

आईबीबीआई ने दिवाला कानून के दुरुपयोग के प्रति किया सचेत

Thu Sep 10 , 2026
नयी दिल्ली, (वार्ता) शोधन अक्षमता एवं दिवाला बोर्ड (आईबीबीआई) ने दिवाला कानून के दुरुपयोग के प्रति शोधन अक्षमता पेशेवरों (आईपी) को आगाह करते हुए बुधवार को कहा कि उन्हें ऐसे मामलों की पहचान कर एडजुडिकेटिंग अथॉरिटी को इसकी जानकारी देनी चाहिए। बोर्ड ने सभी पंजीकृत आईपी, शोधन अक्षमता के क्षेत्र […]

You May Like