भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपराध अनुसंधान को और अधिक प्रभावी एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 57 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वैन अत्याधुनिक उपकरणों से लैस है, जो घटनास्थल पर ही डिजिटल, साइबर एवं भौतिक साक्ष्यों के त्वरित संकलन और परीक्षण में मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन के संचालन से अपराधों की जांच में तेजी आएगी और साक्ष्यों की गुणवत्ता बेहतर होगी। इससे पुलिस को मौके पर ही तकनीकी सहायता मिलेगी, जिससे जांच प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी। उन्होंने बताया कि यह व्यवस्था विशेष रूप से साइबर अपराध, गंभीर आपराधिक मामलों और संवेदनशील घटनाओं की जांच में कारगर साबित होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को नई तकनीक के बेहतर उपयोग के लिए प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में पुलिस प्रमुख कैलाश मकवाना के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, गृह विभाग के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
