
भोपाल। जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह द्वारा “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। भोपाल युवा कांग्रेस अध्यक्ष अमित खत्री के नेतृत्व में कार्यकर्ता मंत्री के निवास के बाहर एकत्र हुए और नामपट्टिका पर काला पेंट पोतते हुए नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अमित खत्री ने आरोप लगाया कि मंत्री विजय शाह ने “देश की बेटी” का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि कर्नल सोफिया कुरैशी ने अपने साहस और सेवाभाव से देश का गौरव बढ़ाया है। खत्री ने मोहन सरकार पर मंत्री को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले छह महीनों से जनता के व्यापक आक्रोश के बावजूद सरकार उन्हें बचाए हुए है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि विजय शाह ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा विरोध के प्रतीक के तौर पर मंत्री का सार्वजनिक रूप से चेहरा काला किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें प्रिंस नवांगे, सलमान गौरी, प्रियंक शेखर, मोहद आमिर, मयंक डिसोरिया, मोहन रुडले, अनीस शर्मा और राहुल गिरी शामिल थे।
