
शाजापुर, अभी तक साइबर की ठगी या साइबर फ्रॉड को लेकर जिला मुख्यालय पर लोगों को शिकायत दर्ज कराना पड़ती थी. थाने में भी यदि साइबर फ्रॉड की शिकायत करें, तो थाने वाले भी जिला मुख्यालय की साइबर सेल की ही मदद लेते थे, लेकिन अब नवागत एसपी श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने जिले के सभी थानों में साइबर विशेषज्ञ पुलिसकर्मियों की तैनाती की है. अब जनता के साथ यदि साइबर फ्रॉड होता है, तो उसे जिला मुख्यालय की जगह थाने पर ही राहत मिलेगी.
यह नवाचार संभवत: मप्र में पहला नवाचार कहा जा सकता है. मेट्रो शहरों को छोडक़र प्रदेश के 52 जिलों में से शाजापुर एकमात्र ऐसा जिला है, जहां पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने आम जनता को साइबर फ्रॉड से तत्काल राहत के लिए हर थाने पर साइबर सेल गठित कर साइबर अपराधों पर लगाम लगाने का नवाचार शुरू किया है. इस संबंध में जो नव आरक्षक प्रशिक्षित होकर आए हैं, उनमें से कई पुलिसकर्मियों ने साइबर का भी अच्छा प्रशिक्षण प्राप्त किया है और उन्हीं को जिले के थानों में पदस्थ किया गया है.
समय बचेगा, घटना पर तत्काल रोक लगेगी
अभी तक जिला मुख्यालय से दूर के क्षेत्रों में हुए साइबर अपराधों में ये सामने आया है कि पीडि़त को शिकायत के लिए वहां से जिला मुख्यालय तक आने में कई घंटों का सफर तय करना पड़ता था. इतनी देर में आरोपी पीडि़त के खाते खाली कर देते थे, लेकिन अब थाना स्तर पर साइबर सेल की सुविधा शुरू होने से पीडि़त तत्काल थाने पर जाकर शिकायत कर पाएगा, जिससे उसके समय की बचत होगी. साथ ही घटना पर भी तत्काल रोक लग सकेगी.
आमजनों को मिलेगी राहत…
जिले के किसी भी कोने में यदि किसी भी आम आदमी के साथ साइबर फ्रॉड या मोबाइल गुमना या साइबर संबंधी अपराध होता था, तो उसे जिला मुख्यालय पर साइबर सेल ऑफिस आना पड़ता था, लेकिन अब साइबर फ्रॉड की शिकायत के लिए आमजनों को अपने ही संबंधित थाने में शिकायत दर्ज करने से तत्काल राहत मिल सकती है. पहले यदि किसी के साथ साइबर फ्रॉड हुआ है, तो वह थाने में आवेदन देता था, लेकिन थाने वाले भी उसे साइबर सेल भेज देते थे. अब हर थाने में साइबर सेल गठित होने से साइबर अपराधों पर भी तत्काल रोक लगेगी और लोगों को भी साइबर सेल आने से मुक्ति मिलेगी.
इंदौर-भोपाल के बाद अब शाजापुर का हर थाना साइबर से जुड़ा
अभी तक हर थाने में साइबर सेल के कर्मचारी केवल महानगर इंदौर, भोपाल में ही पदस्थ थे, लेकिन अब पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रियंका शुक्ला ने महानगरों की तर्ज पर शाजापुर जिले के थानों को भी साइबर सेल से जोड़ दिया है. अब हर थाने पर आपको साइबर अपराधों से जुड़ी घटनाओं को शिकायत का निराकरण करने के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध रहेेंगे.
इनका कहना है
जिले के सभी थानों में प्रशिक्षित नव आरक्षकों को साइबर सेल की अच्छी जानकारी है. इसलिए उन्हें हर थाने पर पदस्थ किया गया है. ताकि लोगों को साइबर ठगी जैसे अपराध से तत्काल राहत मिले और आरोपियों को पकडऩे में मदद मिल सके.
– श्रीमती प्रियंका शुक्ला, एसपी-शाजापुर
