
दमोह।पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भापुसे) द्वारा सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दमोह में जिले व आसपास के क्षेत्र के उन सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स को सम्मानित किया गया, जिन्होंने दमोह पुलिस के विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण व सराहनीय भूमिका निभाई है।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने सभी इंफ्लूएंसर्स को प्रशस्ति-पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में सोशल मीडिया जनसंपर्क व जनजागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है। यदि इसका सकारात्मक उपयोग किया जाए, तो समाज तक जनहितकारी संदेशों को शीघ्रता एवं व्यापक रूप से पहुंचाया जा सकता है।
उन्होंने सभी सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स से भविष्य में भी दमोह पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति, यातायात सुरक्षा, महिला व बाल सुरक्षा सहित विभिन्न जनकल्याणकारी अभियानों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी इंफ्लूएंसर्स ने भी समाजहित व जनजागरूकता से जुड़े अभियानों में दमोह पुलिस के साथ निरंतर सहयोग करने का संकल्प व्यक्त किया।
