
मंडलेश्वर, अतिसंवेदनशील ग्राम सोमाखेड़ी और आसपास के क्षेत्र में बुधवार को आबकारी एवं पुलिस विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। ड्रोन कैमरे से अवैध शराब के संभावित ठिकानों को चिन्हित कर संयुक्त दल ने एक साथ दबिश दी। कार्रवाई में 320 लीटर कच्ची हाथभट्टी मदिरा जब्त की गई, जबकि 15,200 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर विधिवत सैंपल लेकर नष्ट किया गया। जब्त शराब और नष्ट किए गए लहान का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 16 लाख रुपए बताया गया है।
कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा से जुड़े 23 प्रकरण दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क)(च) के तहत दर्ज किए गए हैं।
100 ज्यादा अधिकारी-कर्मचारी रहे तैनात
सोमाखेड़ी क्षेत्र में पूर्व में आबकारी एवं पुलिस बल पर हमले की घटनाओं को देखते हुए इस बार व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए। कार्रवाई में आबकारी एवं पुलिस विभाग के करीब 100 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। आधुनिक तकनीक के रूप में ड्रोन कैमरे का इस्तेमाल कर शराब निर्माण के ठिकानों की पहचान की गई और इसके बाद छापेमार कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
कार्रवाई प्रमुख सचिव अमित राठौर, आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना, कलेक्टर गुरु प्रसाद एवं पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के आदेश पर हुई। उपायुक्त आबकारी इंदर सिंह जामोद एवं सहायक आयुक्त आबकारी बृजेन्द्र कोरी के मार्गदर्शन तथा आबकारी नियंत्रक सजेंद्र मोरी के नेतृत्व में जिला आबकारी, पुलिस और इंदौर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र शुक्ला, कैलाश चौहान, आनंदपाल मंडलोई, सुनील मालवीय, सोनाली बेंजामिन सहित आबकारी अधिकारी-कर्मचारी तथा मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी, महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल, करही थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले समेत तीनों थानों का पुलिस बल शामिल रहा।
