
खिलचीपुर/ब्यावरा। खिलचीपुर के समीप मंगलवार की तडक़े छापीहेड़ा रोड पर जालमपुरा गांव के समीप रोड पर हो रहे विशालकाय गड्ढे में एक कार गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार पांच युवक बाल-बाल बचे.
जानकारी के अनुसार खिलचीपुर थानांतर्गत छापीहेड़ा रोड पर जालमपुरा के यहां मार्ग के मध्य सडक़ निर्माण कार्य के चलते लगभग 8 फीट गहरा गड्ढा खोदकर जस का तस पटक दिया गया. जिसे ढंका तक नहीं गया. इसी बीच देवास जिले से कार में सवार होकर जा रहे युवकों की कार इस गड्ढे में जा गिरी. युवक कामखेड़ा बालाजी के दर्शन करने राजस्थान जा रहे थे. सौभाग्य से किसी को कोई अधिक चोट नहीं आयी है.
बताया जाता है कि देवास जिले के निवासी विनोद सेंधव, कुलदीप, सचिन, शुभम, कृष्णपाल सेन राजस्थान के कामखेड़ा बालाजी दर्शन करने जा रहे थे. इसी बीच रोड पर मिट्टी के ढेर को पार करते ही सीधे कार गड्ढे में जा पहुंची. रोड पर किसी तरह का कोई संकेतक नहीं होने से इनको गड्ढा होने का पता नहीं चल पाया और कार गड्ढे में जा गिरी. आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़े और युवकों को सकुशल बाहर निकाला. किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आयी है.
इतनी बड़ी लापरवाही
नागरिकों का कहना है कि इस जगह न तो कोई संकेतक लगा था और न ही बेरिकेट्स लगे हुए थे. मार्ग पर से आने-जाने वाले वाहन चालकों, राहगीर को यहां गड्ढे होने का पता ही नहीं चल पा रहा है. इस तरह स्टेट हाइवे एवं अन्य मार्गो पर होने वाले निर्माण स्थलों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करवाया जाये. खुले गड्ढो को रात्रि के समय ढंका जाना चाहिए. संकेतक बोर्ड लगाए या फिर बेरिकेटिंग की जाये ताकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी होने से बच सके. घटना की जानकारी लगने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण कर मामले की जांच शुरु की.
