
इंदौर. आजाद नगर स्थित जिला जेल में कैदियों के दो गुटों के बीच हाल ही में हुए खूनी संघर्ष के बाद फिर से हिंसा की आशंका के चलते छह कैदियों को सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया गया है. उक्त कार्रवाई जेल मुख्यालय से मिले निर्देशों के आधार पर की गई.
जेल सूत्रों के मुताबिक, खुड़ैल में सुपरवाइजर हुसैन पिता इकबाल की गुरुवार 28 नवंबर को हत्या कर दी गई थी. हत्याकांड के छह आरोपी जिला जेल में बंद थे. इनमें मनीष पिता गोपाल बंजारा, आशीष पिता कमल और पवन पिता भागीरथ शामिल हैं. इन पर हाल ही में हुसैन के समर्थकों नूर मोहम्मद, इमदाद, फरदीन, फैजान, अनवर और हर्ष परिहार ने जानलेवा हमला किया था. हत्याकांड की जांच क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही है. सूत्रों का कहना है कि हमला सुपारी देकर करवाया गया था. जेल प्रशासन को अंदेशा था कि दोनों गुटों के बीच फिर से तनाव बढ़ सकता है, जिससे जेल में हिंसा की स्थिति बन सकती थी. किसी भी स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए जेल अधीक्षक ने मुख्यालय के निर्देश पर उक्त कार्रवाई की है. जिसमें छह कैदियों को दो दिन पहले सेंट्रल जेल भेज दिया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल मुख्यालय ने इस पर तुरंत संज्ञान लिया और अन्य कैदियों को भी बाहर की जेलों में स्थानांतरित करने की तैयारी की जा रही है. मामले में जेल प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जेल के भीतर किसी भी तरह के तनाव को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, जिला जेल में कैदियों के बीच आपसी हिंसा रोकने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.
