
जबलपुर। साल की विदाई करीब है थानों में लंबित अपराध नहीं होना चाहिए। हर हाल मेें प्रकरणों का निकराण कर लें। स्थाई वारन्ट की तामीली लगातार अधिक से अधिक करें, फरार आरोपियों पर ईनाम उद्घोषित करायें पतासाजी कर शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी करें। ऐसे आरोपी जो जिले से बाहर रह रहे है उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर रवाना करें। ऑपरेशन ’’मुस्कान’’ अभियान के तहत लंबित प्रकरणों में बालक, बालिाकाओं की दस्तयाबी में तेजी आए। यह बातें पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने पुलिस कन्ट्रोलरूम में मंगलवार दोपहर दो बजे अपराध समीक्षा बैठक लेते हुए कही। इस दौरान एसपी ने त्रिवार्षिक तुलनात्मक भादवि, बीएनएस व प्रतिबंधात्मक एवं माईनर एक्ट की विस्तार से समीक्षा की गयी। लंबित प्रकरणों को देखकर उन्होंने नाराजगी भी जाहिर की। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित शिकायतों का त्वरित निराकरण करें, इसमें किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही न बरती जाये। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
