
सिंगरौली/देवसर ग्राम पंचायत सहुआर क्षेत्र में रेलवे लाइन के किनारे बने मकानों के समीप बह रही कोतरी नदी में 13 वर्षीय बालक के बह जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बादल साहू पिता लालू साहू, उम्र 13 वर्ष, नदी के तेज बहाव में बह गया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद देर रात तक बालक की तलाश को लेकर ग्रामीणों और परिजनों में चिंता बनी रही। अंधेरा होने के कारण नदी में तलाश में भी कठिनाइयां सामने आईं। ग्रामीण लगातार बालक की तलाश में जुटे रहे।
शनिवार सुबह बालक के मिलने की सूचना सामने आई, जिसके बाद परिवार में मातम छा गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण क्षेत्र की नदी-नालियों में पानी का बहाव बढ़ा हुआ है। ऐसे में कोतरी नदी में भी तेज बहाव बना हुआ था। हालांकि बालक नदी में किन परिस्थितियों में बहा, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
