
तेहरान, 21 जून (वार्ता) इजरायल के साथ तेज होते युद्ध के बीच में ईरान ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के एक फोन पर ही इजरायल युद्ध समाप्त कर सकता है।
ईरान के एक अधिकारी ने मीडिया के साथ बातचीत के दौरान यह बात कही। दोनों देशों के बीच जारी युद्ध दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है। युद्ध को रोकने के लिये अब तक किये गये कूटनीतिक प्रयास विफल रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि श्री ट्रम्प अगर इजरायल के नेताओं से आग्रह करेंगे तो यह युद्ध समाप्त हो जायेगा। उन्होंने कहा,“ ईरान अमेरिका के साथ एक ही शर्त पर युद्धविराम पर विचार कर सकता है,अगर इजरायल हमले को रोक दे।”
यह टिप्पणी शुक्रवार को जिनेवा में तनाव कम करने के असफल प्रयास के बाद आयी है, जहां वरिष्ठ यूरोपीय राजनयिकों ने ईरान के विदेश मंत्री से मुलाकात की थी।
उधर न्यू जर्सी में श्री ट्रम्प ने कहा था, “अगर कोई जीत रहा है तो अभी यह अनुरोध करना बहुत कठिन है।”
इस बीच, वाशिंगटन में खुफिया मतभेद उभर कर सामने आये, जिसमें श्री ट्रम्प ने अपने राष्ट्रीय खुफिया निदेशक तुलसी गबार्ड की उस बात का खंडन किया है जिसमें उन्होंने कहा था कि ईरान सक्रिय रूप से परमाणु हथियार कार्यक्रम नहीं चला रहा है। उनका यह बयान अमेरिकी और इजरायल दोनों के दावों के विपरीत है। श्री ट्रम्प ने कहा,“तो फिर, मेरा खुफिया समुदाय गलत है।”
गौरतलब है कि इस्लामिक सहयोग संगठन तुर्की में शनिवार को इस्तांबुल में बैठक करने वाला है, जिसमें 57 सदस्य देश शामिल हैं। ईरान के विदेश मंत्री इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान ‘इजरायल की ओर से जारी हमले’ पर चर्चा की जायेगी।
इजरायल ने शनिवार को ईरान के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र, इस्फहान अनुसंधान कम्प्लेक्स पर हमला किया। हमले की पुष्टि करते हुये एक ईरान ने कहा कि इन हमलों में कुछ बुनियादी ढांचे नष्ट हुये हैं। इस क्षेत्र से निवासियों को दूर रहने की सलाह दी गयी है। इज़रायली सेना की ओर से क़ोम में एक आवासीय इमारत पर किये गये सीधे हमले में दो लोग मारे गये और चार अन्य घायल हो गये। ईरानी सरकारी मीडिया ने हताहतों की संख्या की सूचना दी।
ईरान ने जबाबी कार्रवाई में रात भर मिसाइल हमले किये, जिससे इजरायल के शहर होलोन को निशाना बनाया गया। इजरायल सुरक्षा बलों( आईडीएफ) ने हमलों को रोक दिया। एक इमारत में हालांकि आग लग गयी लेकिन स्थिति को सफलतापूर्वक नियंत्रित किया गया। मैगन डेविड एडोम सहित आपातकालीन सेवाओं ने किसी के घायल होने की पुष्टि नहीं की।
