
मंदसौर। अफजलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 89 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर पंजाब के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त ग्रे रंग की महिंद्रा XUV500 कार भी जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल कीमत करीब 7.80 लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा XUV500 कार (क्रमांक UP16AZ6768) में डोडाचूरा भरकर भाटरेवास से सीतामऊ होते हुए आठलेन के रास्ते पंजाब ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने दलौदा-बिलांत्री आम रोड पर हाईस्कूल के पास नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई तो डिक्की में रखे सात प्लास्टिक कट्टों से 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
मौके से कार चालक वरिंदर सिंह (35), निवासी जर्ग, थाना पायल, जिला लुधियाना (पंजाब) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने डोडाचूरा भाटरेवास निवासी जीवन से लाना बताया। पुलिस ने जीवन को भी प्रकरण में आरोपी बनाया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश, एएसपी तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण गिरीश जेजूलकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विकास गेहलोत की टीम ने की।
