मोदी व उनकी दिवंगत मां की छवि धूमिल करने वाला डीपफेक वीडियो मामला, कांग्रेस नेताओं पर एफआईआर दर्ज

नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल आईएनसी बिहार ने प्लेटफॉर्म एक्स पर एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डीपफेक वीडियो प्रसारित किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की छवि धूमिल और अपमानित करने का प्रयास किया गया। यह वीडियो 10 सितंबर को शाम 6:12 बजे पोस्ट किया गया था।

इस संबंध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिल्ली चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकेत गुप्ता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि यह वीडियो न केवल प्रधानमंत्री की व्यक्तिगत और संस्थागत प्रतिष्ठा पर हमला है बल्कि महिलाओं की गरिमा और मातृत्व की पवित्रता पर भी गंभीर चोट है। शिकायतकर्ता ने इसे भारतीय लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों पर सीधा हमला बताया है।

पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए 13 सितंबर को नॉर्थ एवेन्यू थाने में एफआईआर संख्या 0050 दर्ज की। एफआईआर में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराएं 318(2), 336(3), 336(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) शामिल की गई हैं। इन धाराओं में मानहानि, फर्जी इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड तैयार करना, अफवाह फैलाना, महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुँचाना और सार्वजनिक अव्यवस्था फैलाने जैसे अपराध सम्मिलित हैं।

शिकायत में कहा गया है कि कांग्रेस द्वारा जारी यह डीपफेक वीडियो न केवल जनता को गुमराह करने का प्रयास है बल्कि यह समाज में भ्रम, नफरत और अशांति फैलाने की सुनियोजित कोशिश है। संकेत गुप्ता ने यह भी कहा कि किसी मां—विशेषकर दिवंगत मां—का राजनीतिक लाभ के लिए अपमान करना भारतीय संस्कृति और समाज की संवेदनाओं को ठेस पहुँचाता है।

दिल्ली पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एसआई स्तर के पदाधिकारी को सौंपी है। साथ ही पुलिस ने संबंधित डिजिटल प्लेटफॉर्म से वीडियो और उसके प्रसार की तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है और कांग्रेस नेताओं की भूमिका की जांच की जाएगी

 

 

Next Post

दिल्ली के ताज पैलेस होटल को बम की धमकी, पुलिस ने बताया फर्जी

Sat Sep 13 , 2025
नयी दिल्ली, 13 सितंबर (वार्ता) राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित ताज पैलेस होटल में शनिवार तड़के बम धमकी की अफवाह से हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल प्रबंधन को शुक्रवार देर रात करीब दो बजे होटल के आईडी पर एक ईमेल मिला था , जिसमें धमकी भरे […]

You May Like