
मनासा। क्षेत्र के ग्राम तलाऊ में गुरुवार को दिनदहाड़े कुल्हाड़ी से हमला कर 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। किराना दुकान पर खड़े व्यक्ति पर पीछे से कुल्हाड़ी से तीन वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सरेआम हुई इस वारदात से गांव सहित पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तलाऊ स्थित पोरवाल किराना स्टोर पर प्रभूलाल पिता शिवलाल रावत (50) खड़े थे। इसी दौरान गांव के ही रामसिंह पिता देवीलाल रावत ने उन पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। आरोपी ने प्रभूलाल की गर्दन के पीछे तीन वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात से पहले आरोपी ने मौके पर मौजूद तीन अन्य लोगों के साथ भी धक्कामुक्की की थी।
घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मनासा भिजवाया। मामले में परिजनों, गांव के चौकीदार गोवर्धन रावत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए हैं।
कुकड़ेश्वर थाना प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि आरोपी रामसिंह को राउंडअप किया गया है। उससे पूछताछ जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
