रीवा:आगामी 3 मई को शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में एनटीए नीट यूजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया जायेगा.परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी एवं पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी आवश्यक सुविधाएँ सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये. निरीक्षण के दौरान टीआरएस कालेज एवं पीएमश्री केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक एक के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये गये हैं.
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और सुगमता से परीक्षा संपन्न हो सके. निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों के प्राचार्य ने की गयी व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया. उल्लेखनीय है कि नीट परीक्षा 3 मई को अपरान्ह 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी. परीक्षा केन्द्र में रिपोर्टिंग का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक निर्धारित किया गया है. यदि उम्मीदवार पारंपरिक पोशाक पहन रहे हैं तो उन्हें परीक्षा के दिन दोपहर 12.30 बजे तक आवंटित परीक्षा केन्द्र पर पहुंचना होगा. शहर के 12 परीक्षा केन्द्रों में 5236 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा में सम्मिलित होने वाले परीक्षार्थियों को अपने साथ एनटीए वेबसाइट से डाउनलोड किये गये प्रवेश पत्र की प्रिंट कॉपी, पोस्टकार्ड साइज की एक फोटो, पासपोर्ट साइज फोटो, किसी एक अधिकृत फोटो आईडी की मूल तथा वैध प्रति लाना होगा.
