राजगढ़। नगर के वार्ड 14 स्थित शिक्षक कालोनी एवं गायत्री कॉलोनी के रहवासियों को बीते एक साल से पेयजल के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नपा के जिम्मेदारों को कई बार अपनी परेशानी से अवगत कराने के बाद भी समस्या का हल नहीं निकल पाया है. यहां पर तकनीकि खामियों व अन्य कारणों के चलते रहवासियों को पेयजल समय पर नहीं मिल पा रहा है.
विदित है कि यह कॉलोनी नगर की पॉश कॉलोनियों में शामिल है. इन दोनों कॉलोनियों के रहवासियों का कहना है कि एक वर्ष से पानी की समस्या का निराकरण नहीं हो सका है. बार-बार नगर पालिका में शिकायत के बाद भी पेयजल से जुड़ी समस्या का कोई निकाल नहीं हो सका है.
रोजाना, समय पर नहीं सप्लाई
उल्लेखनीय है कि वार्ड क्रमांक 14 के तहत गायत्री कॉलोनी और शिक्षक कॉलोनी नगर की पुरानी कॉलोनियों के रुप में स्थापित है. यहां पानी की सप्लाई परेड ग्राउंड के पास स्थित पीएचई स्टोर में बने ओवर हेड टैंक से की जाती है. रहवासियों का कहना है कि लगभग एक साल से पानी के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. रोजाना एवं समय पर पेयजल सप्लाई नहीं होती है. सोमवार को कॉलोनी के रहवासी आर एस अग्रवाल, एस के व्यास, राधेश्याम विजयवर्गीय, सपन विजय, महेंद्र सक्सेना, मनोज सेंगर, रंजन कौशिक, प्रवीण सक्सेना, लोकेश शर्मा, ईशान शर्मा, सुरेश शर्मा आदि ने नवभारत को बताया कि पेयजल सप्लाई न तो समय पर होती है और न ही नियमित रुप से हो रही है. यह भी तय नहीं है कि सप्लाई कितनी देर तक होगी. साथ ही दोपहर के समय पेयजल सप्लाई की जाती है. दोपहर 12 या 1 बजे सप्लाई की जाती है जबकि यह ऐसा समय है जब लोग अपने कामकाज के लिए बाहर चले जाते है. सप्लाई सुबह के समय दी जाये तो इससे काफी सुविधा होगी. साथ ही सप्लाई का समय 40 से 50 मिनिट हो. रहवासियों का यह भी कहना है कि जिम्मेदारों द्वारा पेयजल सप्लाई को लेकर सही जानकारी तक नहीं दी जाती है कि कब सप्लाई होगी.
तकनीकी कारणों एवं बिजली विधुत सप्लाई बाधित होने से सप्लाइ का समय आगे, पीछे हो जात है. कॉलोनीवासियों को समय पर पेयजलापूर्ति हो यह प्राथमिकता होगी.
जितेंद्र विजयवर्गीय
इंजीनियर , पेयजल सप्लाई प्रभारी नपा राजगढ़
