ढाका, 14 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश में नवनिर्वाचित सांसद और नयी कैबिनेट सोमवार (16 फरवरी)को शपथ लेगी।
ढाका ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार की सुबह मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन नवनिर्वाचित सांसदों को पद की शपथ दिलाएंगे। इसी दिन दोपहर को ही राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन बंगभवन में नए कैबिनेट मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।
सूत्रों के अनुसार अंतरिम सरकार की ओर से एक विशेष मुख्य समारोह 17 फरवरी को आयोजित किया जा सकता है, जिसमें विदेशी राष्ट्राध्यक्षों के शामिल होने की संभावना है।
निर्वाचन आयोग के सचिव अख्तर अहमद ने शनिवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गत 12 फरवरी को संपन्न हुए चुनावों के बाद सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है।
गौरतलब है कि देश की कुल 299 सीटों पर हुए मतदान में बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 209 सीटें जीतकर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया है। वहीं, जमात-ए-इस्लामी पार्टी 68 सीटों के साथ संसद में मुख्य विपक्षी दल की भूमिका निभाएगी। अन्य दलों में एनसीपी (6), खिलाफत मजलिस (2) और निर्दलीयों ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है। इससे पहले सत्तारूढ़ अवामी लीग इस चुनाव में शामिल नहीं थी।
इसी बीच सरकार गठन से पहले प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्य सलाहकार कार्यालय के प्रधान सचिव एम. सिराज मिया को नया कैबिनेट सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने डॉ. शेख अब्दुर रशीद का स्थान लिया है, जिन्होंने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। सिराज मिया ही सोमवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह की देखरेख करेंगे।
बीएनपी अपनी नयी पारी की शुरुआत बड़े कूटनीतिक संदेश के साथ करना चाहती है। पार्टी के संयुक्त महासचिव हुमायूं कबीर ने संकेत दिया कि सार्क देशों के राष्ट्राध्यक्षों, जिनमें भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल हैं, के साथ-साथ मध्य पूर्व के देशों के नेताओं को भी आमंत्रित करने की तैयारी चल रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही बीएनपी नेता तारिक रहमान से फोन पर बात कर उन्हें “असाधारण जीत” की बधाई दी है और एक लोकतांत्रिक एवं प्रगतिशील बंगलादेश के लिए भारत के समर्थन का आश्वासन दिया है। नयी सरकार की कमान तारिक रहमान संभालने जा रहे हैं।
