जॉर्जिया में विमान दुर्घटना में तुर्की के सभी 20 सैनिकों की मौत

अंकारा, 12 नवंबर (वार्ता) तुर्की के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि जॉर्जिया में दुर्घटनाग्रस्त सी-30 मालवाहक विमान में सवार सभी 20 सैनिकों की मौत हो गयी है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद तुर्की और जॉर्जिया के अधिकारियों ने समन्वित खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया।

जॉर्जिया के गृह मंत्रालय के अनुसार अज़रबैजान से तुर्की जा रहे इस विमान का जॉर्जियाई हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के 27 मिनट बाद रडार से संपर्क टूट गया और यह अज़रबैजानी सीमा से लगभग पांच किलोमीटर दूर जॉर्जिया के सिग्नागी क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अर्ध-सरकारी संवाद समिति अनादोलु की रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटनास्थल के चारों ओर एक बड़ा सुरक्षा घेरा बनाकर कई एम्बुलेंस और अग्निशमन दल घटनास्थल पर तैनात किए गए थे।

तुर्की के राष्ट्रपति कार्यालय ने बताया कि राष्ट्रपति रेचेप तैयप अर्दोगन और जॉर्जियाई प्रधानमंत्री इराकली कोबाखिद्ज़े ने खोज और बचाव कार्यों को लेकर मंगलवार शाम को फ़ोन पर चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि C-130 तुर्की वायु सेना में 1964 से सेवारत था। तुर्की ने अपने पुराने बेड़े के आधुनिकीकरण के लिए हाल ही में ब्रिटेन से 12 C-130J सुपर हरक्यूलिस विमान खरीदने की घोषणा की है।

 

 

Next Post

राजनांदगांव में तापमान गिरने से कड़ाके की ठंड, जनजीवन प्रभावित

Wed Nov 12 , 2025
राजनांदगांव, 12 नवंबर (वार्ता) उत्तर भारत में बढ़ रही ठंड और शुष्क हवाओं के कारण राजनांदगांव और आसपास के क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो गई है। जिसके कारण पिछले कुछ दिनों से न्यूनतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार […]

You May Like