
ब्यावरा। नगर में पेयजल सप्लाई के दौरान काफी मटमैला पानी आ रहा है, कुछ देर नहीं बल्कि सप्लाई के पूरे समय मटमैला पानी आने से काफी परेशानी का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा है.
शुक्रवार को राजगढ़ रोड, भंवरगंज सहित अन्य क्षेत्र में हुई पेयजल सप्लाई के दौरान काफी मटमैला पानी आया. सप्लाई के सारे समय ऐसा ही पानी आने से परेशानी और बढ़ गई. मजबूरन ऐसा ही मटमैला पानी बर्तन, टंकी में भरकर रखना पड़ा.
नगर में कुशलपुरा डेम एवं घोड़ापछाड़ नदी से पेयजल सप्लाई होती है. बारिश का सिलसिला जारी है. बारिश का पानी डेम में पहुंचने से पानी मटमैला हो गया है. अब नगर में पेयजल सप्लाई के दौरान मटमैला पानी ही आ रहा है. ऐसा नहीं कि कुछ मिनिट के लिए ऐसा पानी आ रहा है. सप्लाई के सारे समय ऐसा ही मटमैला पानी आने पर मजबूरन यही पानी का स्टॉक करना पड़ रहा है.
फिल्टर के बाद भी मटमैला पानी
पेयजल सप्लाई प्रबंधन के अनुसार डेम पर स्थित फिल्टर प्लांट पर समुचित तरीके से पानी को फिल्टर किया जा रहा है बावजूद इसके बारिश का पानी आने से मटमैलापन है. फिटकरी एवं ब्लीचिंग पाउडर के द्वारा फिल्टर प्लांट पर पानी को साफ किया जाता है इसके बाद ही सप्लाई की जाती है.
स्वास्थ्य के लिए हानिकारक
जिस तरह से पेयजल सप्लाई में मिट्टीयुक्त मटमैला पानी आ रहा है वह स्वास्थ्य की दृष्टि से हानिकारक है. किंतु सारे सप्लाई के समय ऐसा ही पानी आने पर आखिरकार वहीं मटमैला पानी स्टॉक करना पड़ा क्योंकि नगर में अभी भी पेयजल सप्लाई सात से आठ दिनों के अंतराल से हो रही है.
फिल्टर प्लांट पर बेहतर तरीके से फिटकरी एवं ब्लीचिंग पाउडर से पानी को साफ किया जा रहा है. बारिश के शुरुआत का पानी डेम में पहुंचने से इस तरह का पानी आता है. जल्द ही साफ और स्वच्छ पानी आना शुरु हो जाएगा.
इकरार अहमद
सीएमओ, नपा ब्यावरा
