
एनडीटीए चेयरमेन समेत पूर्व बिशप पर ईओडब्लयू ने दर्ज की एफआईआर
जबलपुर। एनडीटीए की भूमि पर स्थापित बारस्लेय स्कूल कटनी की भूमि को रेल्वे द्वारा अधिगृहण किए जाने के बाद गड़बड़झाला करते हुए पूर्व बिशप पीसी सिंह ने चेयरमेन भीमराव पाल के साथ षड्यंत्र रचकर 2,45,30,830 रूपए का गबन कर दिया। मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, इकाई जबलपुर (ईओडब्ल्यू ) ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक प्रवीण अनिल साठे पिता स्व.अनिल साठे 42 वर्ष, निवासी 242-ए, कुकरे लेआउट, पोस्ट भगवान नगर, रामेश्वरी रोड, नागपुर ने शिकायत करते हुए बताया कि सीएनआई के नागपुर डायोसिस का सदस्य है। कटनी स्थित बारस्लेय स्कूल का नियंत्रण बोर्ड आफ एजूकेशन जबलपुर डायोसिस का है, जिसके पदेन अध्यक्ष बिशप आफ जबलपुर है। पी.सी. सिंह पूर्व बिशप जबलपुर द्वारा नागपुर के बिशप के सहयोग से बारस्लेय स्कूल कटनी का खसरा नं-404/1 रकवा 0.022 हे. भूमि जिसे भारतीय रेल्वे द्वारा अधिगृहित कर लिया गया था, उसके मुआवजे के रूप में प्राप्त राशि 2, 45, 30, 830 रुपये को धोखाधड़ी कर बोर्ड आफ एजूकेशन के खातें में हस्तांतरित कर दिये। उक्त हस्तांतरण की जानकारी पी.सी. सिंह द्वारा एनडीटीए को नहीं दी गई। एस.डी.एम. कटनी से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर यह प्रमाणित हुआ है कि एनडीटीए के एक अन्य एकाउंट 7901 इंडियन ओवरसीज बैंक जबलपुर के खाते में हस्तांतरित कराने कूटरचित अधिकार पत्र एसडीएम कार्यालय कटनी में पी.सी. सिंह द्वारा प्रस्तुत किया गया। जबकि कोई भी व्यक्ति एनडीटीए द्वारा उक्त कार्य के लिये अधिकृत नहीं किया गया था। नागपुर डायोसिस ट्रस्ट एसोसिएशन की मुडवारा स्थित 0.022 हे. भूमि का अधिगृहण भारतीय रेल्वे द्वारा किया गया था जिसमें एनडीटीए के नाम पर 2,45,30,830 रूपए मुआवजा राशि प्राप्त की गई। एनईएफटी के माध्यम से भारत सरकार द्वारा 2,45,30,830 रूपए की राशि खातें में जमा की गई थी जिसे बोर्ड आफ एजूकेशन सीएनआई जबलपुर डायोसिस के बातें में हस्तांतरित कर दी गई थी। ईओडब्ल्यू ने भीमराव पाल पिता प्रभुदास दुपारे निवासी बिशप हाउस रेसीडेंसी रोड, नागपुर, चेयरमेन, नागपुर डायोसिस ट्रस्ट एसोसिएशन नागपुर, पी. सी. सिंह पिता स्व. बिलट सिंह, निवासी विशप हाउस, नेपियर टाउन, इनकम टैक्स चौराहे के पास के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
