जिले में हुईं 3 सड़क दुर्घटना में 2 की मौत

पांच घायलों का उपचार जारी
सतना : जिले के 3 अलग अलग स्थानों पर हुई 3 सड़क दुर्घटनाओं में एक ओर जहां दो लोगों की मौत हो गई वहीं 5 लोग गंभीर तौर पर घायल हो गए. घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के उचेहरा-नागौद मार्ग पर पाल्हनपुर मोड़ के निकट बुधवार तड़के एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया. पिकअप क्रमांक एमपी 20 जेड एन 8968 में दवाईयां भरी हुई थीं. पिकअप जबलपुर से दवाईयां लेकर उक्त मार्ग पर जा रहा था. इस घटना के चलते एक ओर जहां पिकअप चालक अमित सिंह 32 वर्ष निवासी जबलपुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं दूसरी ओर पिकअप के मालिक आनंद राजपूत उम्र 42 वर्ष निवासी जबलपुर गंभीर तौर पर घायल हो गए. घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची उचेहरा पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए उचेहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां पर चालक को मृत घोषित किए जाने के साथ ही पिकअप मालिक की गंभीर हालत को देखते हुए प्रारंभिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया. लेकिन परिजन उन्हें जिला अस्पताल न लेजाकर शहर के एक निजी नर्सिंग होम में उपचार के लिए ले गए. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
     बाइक की टक्कर में 1 की मौत
बुधवार की सुबह जिले के कोटर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिहरा क्र. 1 मध्यांचल गा्रमीण बैंक के निकट पंचायत भवन के सामने दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई. जिसके चलते दोनों बाइक पर सवार गोलहटा के साकेत परिवार के 2 सदस्य और खमरिया टिकरी निवासी आदिवासी परिवार के दो सदस्य बुरी तरह घायल हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस व डायल 100 वाहन की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. बताया गया कि उपचार जारी रहने के कुछ देर बाद ही टिकरी अकौना निवासी लाला आदिवासी की मौत हो गई. वहीं शेष घायलों का उपचार जारी है. इसी कड़ी में जिले के मझगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत मिचकुरिन घाटी के निकट एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई. जिसके चलते बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया. घायल का उपचार जिला अस्पताल में जारी है

Next Post

17 को इंदौर में राज्य स्तरीय महापौर सम्मेलन

Thu Feb 13 , 2025
सम्मेलन में अखिल भारतीय महापौर परिषद की अध्यक्ष माधुरी पटेल ,राज्य मंत्री प्रतिभा बागरी के साथ ही प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी शामिल होंगे। इस एक दिनी सम्मेलन में शहरों के विकास से जुड़े मुद्दों बजट आवंटन, महापौर के अधिकार बढ़ाने संबंधी विषयों पर चर्चा होगी। Facebook Share […]

You May Like