मेघालय में तीन महीने में 150 लोग गिरफ्तार, मवेशी, प्रतिबंधित सामान जब्त

शिलांग, (वार्ता) सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), मेघालय फ्रंटियर ने पिछले तीन महीनों में 150 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और 7.9 करोड़ रुपये मूल्य के सामान एवं मवेशी जब्त किए हैं। यह जानकारी बुधवार को एक अधिकारी ने दी।

बीएसएफ ने एक बयान में कहा कि 25 अप्रैल से 25 जुलाई के बीच उन्होंने 116 बंगलादेशी नागरिकों और 34 भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया जिनमें से कई अवैध घुसपैठ और सीमा पार तस्करी में शामिल थे। गिरफ्तार किए गए लोगों में चार दलाल भी शामिल हैं जिनमें दो भारतीय और दो बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं जो सीमा पार आवाजाही में सक्रिय रूप से मदद कर रहे थे।

तीन महीने में बीएसएफ ने 33 महत्वपूर्ण अभियान चलाए जिसके परिणामस्वरूप 39 लाख रुपये से अधिक मूल्य का सामान जब्त किया गया तथा 23 भारतीयों और 12 बंगलादेशियों को गिरफ्तार किया गया।

जब्त की गई सामग्रियों में 622 मवेशी और विभिन्न प्रतिबंधित वस्तुएं शामिल हैं, जिनमें याबा टैबलेट, गांजा, शराब, वस्त्र, सौंदर्य प्रसाधन और अन्य सामान शामिल हैं, जिनका मूल्य लगभग 7.5 करोड़ रुपये है।

इस अवधि के दौरान सबसे बड़ी बरामदगी 31 लाख रुपये से अधिक मूल्य की मोबाइल डिस्प्ले यूनिटों की जब्ती शामिल है जिसे बीएसएफ अधिकारियों ने तस्करी का एक नया चलन करार दिया।

बीएसएफ मेघालय ने कहा कि सीमा पार अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सभी अभियान मेघालय पुलिस के साथ घनिष्ठ समन्वय के साथ चलाए गए। समन्वय को और मज़बूत करने और सीमा पार से उभरती चिंताओं का समाधान करने के लिए बीएसएफ मेघालय ने बॉर्डर गार्ड्स बंगलादेश (बीजीबी) के साथ नियमित रूप से क्षेत्र स्तरीय बैठकें की हैं।

उन्होंने कहा कि गिरफ्तार दलालों और अवैध लोगों से प्रारंभिक पूछताछ में महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी प्राप्त हुई है जिसे आगे की कार्रवाई के लिए अन्य प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा किया गया है।

बीएसएफ अधिकारी ने कहा, “बीएसएफ मेघालय घुसपैठ एवं तस्करी के प्रति अपनी शून्य-सहिष्णुता की नीति पर अडिग है। यह बल राष्ट्रीय सुरक्षा के एक महत्वपूर्ण संरक्षक एवं भारत-बंगलादेश सीमा पर अंतर-एजेंसी सहयोग एवं सामुदायिक कल्याण में एक भरोसेमंद भागीदार के रूप में निरंतर कार्य करता रहेगा।”

Next Post

सिवान: हत्या के दो आरोपियों को पांच-पांच वर्ष की सजा

Thu Jul 31 , 2025
सीवान, 31 जुलाई (वार्ता) अपर जिला एव सत्र न्यायाधीश (पांच) उमाशंकर की अदालत ने हत्या एक मामले के दो आरोपियो को दोषी ठहराते हुए पांच-पांच साल की सजा और चार-चार हज़ार रूपये का अर्थदंड दिया है। इस मामले के लोक अभियोजक ने बताया कि घटना 30 सितंबर 2019 की है। […]

You May Like