शिवपुरी: शहर के फिजिकल थाना क्षेत्र स्थित युवराज होटल के एक कमरे में 20 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती को उसका मित्र गंभीर अवस्था में निजी एमएम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और युवक को हिरासत में लिया है। सेसई निवासी नैनसी राठौर (20) शहर के एक शासकीय कॉलेज में पढ़ती थी। वह अपने गांव के रहने वाले अंकुश रावत के साथ युवराज होटल पहुंची थी।
होटल के कमरे में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद नैनसी ने कथित तौर पर फांसी लगा ली। अंकुश रावत नैनसी को तत्काल एमएम हॉस्पिटल ले गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल प्रबंधन को यह मामला संदिग्ध लगा, जिस पर उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस ने फिजिकल थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने अंकुश को हिरासत में लिया है।
