ग्वालियर मेले में भिक्षावृति करते चार बालक रेस्क्यू

ग्वालियर:ग्वालियर व्यापार मेला परिसर में संयुक्त दल ने कार्रवाई करते हुए भिक्षावृत्ति करते पाए गए चार बालकों को रेस्क्यू किया। जिला प्रशासन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग की टीम ने मेला परिसर के झूला सेक्टर क्षेत्र में पहुंचकर बालकों को संरक्षण में लिया। टीम ने बालकों से प्रारंभिक पूछताछ की तथा उनकी माताओं से भी चर्चा कर बच्चों को भिक्षावृत्ति में संलग्न न करने की समझाइश दी।

प्राथमिक जांच में सामने आया कि संबंधित बालक उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के समीप स्थित ललितपुर क्षेत्र के निवासी हैं और लगभग एक माह पूर्व मेला अवधि में यहां आए थे। टीम ने प्रकरण को बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है। सभी बालकों को बाल कल्याण से संबंधित विधिक प्रावधानों के तहत सुरक्षित आश्रय के रूप में प्रगति महिला मंडल संचालित बालक गृह “स्थल आदित्यम” में अस्थायी रूप से रखा गया है।

आगामी कार्रवाई हेतु सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जहां समिति के निर्देशानुसार पुनर्वास एवं संरक्षण की वैधानिक प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बाल श्रम अथवा बाल भिक्षावृत्ति जैसी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि बच्चों के अधिकारों की प्रभावी रूप से रक्षा की जा सके।

Next Post

किसानों ने लक्ष्मीगंज मंडी घेरी, पुलिस एलर्ट

Tue Feb 17 , 2026
ग्वालियर: आज सुबह से कृषि उपज मंडी लक्ष्मी गंज पर मध्य प्रदेश किसान सभा की ओर से प्रदर्शन किया जा रहा है। सीटू के राज्य उपाध्यक्ष रामविलास गोस्वामी का कहना है कि अमेरिका से की गई व्यापारिक डील पूरी तरह गुलामी की डील है। ऐसी क्या मजबूरी है कि मोदी […]

You May Like